बेनाली में घर का ताला तोड़कर लाखों के आभूषण व नकदी की चोरी

दुर्गोत्सव के दौरान बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल
घटनास्थल पर लोगों की भीड़
घटनास्थल पर लोगों की भीड़
Published on: 

जामुड़िया : जामुड़िया थाना क्षेत्र के बेनाली गांव के मुस्लिमपाड़ा में घर के सदस्य के अनुपस्थित रहने का फायदा उठाकर चोरों ने ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। बताया गया कि उसी दिन घर से कुछ दूरी पर स्थित एक सीएसपी सेंटर में भी चोरी की घटना हुई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, बेनाली गांव निवासी काजी इलियास अपने परिवार के साथ किसी रिश्तेदार के घर गए हुए थे। इसी दौरान बुधवार रात चोर दीवार फांदकर उनके घर में दाखिल हुए। इसके बाद घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और एक कमरे में रखी अलमारी तथा अन्य सामान को खंगाल डाला। चोरों ने अलमारी में रखे करीब तीन से चार भरी सोने के आभूषण तथा लगभग ढाई से तीन लाख रुपये नकद चुरा लिए। घर में चोरों द्वारा चाय-बिस्कुट खाने की बात भी परिजनों ने बताई है।

काजी इलियास के छोटे भाई काजी मोजामिल ने बताया कि उनके बड़े भाई परिवार के साथ रिश्तेदार के घर गए थे। गुरुवार सुबह काम करने वाली महिला घर पहुंची तो उसने दरवाजे का ताला टूटा देखा और इसकी सूचना परिवार को दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद जामुड़िया थाने की पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मोजामिल ने आशंका जताई कि वारदात को अंजाम देने वाले लोगों को घर और परिवार की गतिविधियों की जानकारी थी। उन्होंने कहा कि इलाके में चोरी करने वाला कोई गिरोह सक्रिय हो सकता है।

गौरतलब है कि जामुड़िया थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि होने की शिकायत सामने आ रही है। दुर्गोत्सव के समय चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in