

चित्तरंजन : चिरेका प्रशासन ने मंगलवार को रेल नगरी में बने कुल 16 अनाधिकृत क्लबों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई आरपीएफ, इंजीनियरिंग विभाग, आईओडब्ल्यू टीम की मदद से की गई। हालांकि इस दौरान पश्चिम बंगाल की चित्तरंजन पुलिस मौके पर मौजूद नहीं थी जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। इस दौरान बोऊ मार्केट स्थित श्रद्धांजलि क्लब, गोल्ड मोहर यंग एथलेटिक क्लब, 26 नंबर यूथ सेंटर क्लब, 30 नंबर रोड नेताजी क्लब, 37 नंबर भारत संघ क्लब, 24 नंबर यूथ डेवलपमेंट क्लब, 25 नंबर मिलन संघ, 31 नंबर सबूज मेला क्लब, 29 नंबर अभिजन क्लब, 34 नंबर भगत संघ क्लब, 38 नंबर नबारूण संघ क्लब, 40 नंबर अभिनव क्लब, दिल्ली कॉलोनी आमरा सोबायी क्लब, अमलादही मार्केट क्लब, आर साइड रविंद्र संघ क्लब और 11 नंबर संडे क्लब को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। ये सभी क्लब कई वर्षों से सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र रहे हैं। चिरेका प्रशासन ने इन क्लबों को रेलवे भूमि पर अनाधिकृत निर्माण बताते हुए हटाने का आदेश दिया था। उल्लेखनीय है कि क्लबों को हटाने की घोषणा के बाद हाल ही में ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों और वाइस वार्डनों के चिरेका प्रशासन के साथ बैठक हुई थी। बैठक में यह सहमति बनी थी कि प्रत्येक इलाके में एक या दो प्रमुख क्लबों को छोड़कर अन्य गैर-जरूरी गतिविधियों वाले क्लबों को हटाया जाएगा। इसके बावजूद मंगलवार को 16 क्लबों को एक साथ ढहा दिए जाने से कई क्लब संचालक और स्थानीय निवासी आश्चर्य तथा आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं। कार्रवाई के दौरान कई क्लबों को अपनी सामग्री सुरक्षित निकालने तक का मौका नहीं मिला। लोगों ने बिना पूर्व सूचना और बिना पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई करने पर आपत्ति जताई है। वहीं चिरेका प्रशासन का कहना है कि रेलवे भूमि को मुक्त कराना आवश्यक था और यह अभियान आगे भी जारी रह सकता है।