

आसनसोल : कल्याणपुर सेटेलाइट टाउनशिप (केएसटीपी) क्षेत्र स्थित इंडिया इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को 18 वां स्थापना दिवस काफी उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। सर्वप्रथम रवीन्द्र नाथ टैगोर की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथियों को सम्मानित किया गया। मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत बच्चों द्वारा गीत-संगीत और नृत्य का आयोजन किया गया। स्कूल के संस्थापक सह निदेशक एके शर्मा ने कहा कि इंडिया इंटरनेशनल स्कूल की स्थापना 9 मई 2007 में रवींद्रनाथ टौगोर की जयंती के दिन की गयी थी। यहां बच्चों को किताबी ज्ञान तक ही सीमित नहीं रख कर उन्हें सेल्फ डिसिप्लीन, चरित्र निर्माण के साथ गुरुओं व अभिभावकों के प्रति सम्मान करने की सीख दी जाती है। इसके अलावा उन्हें निशानेबाजी और तैराकी की भी ट्रेनिंग दी जाती है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए स्कॉलरशिप प्रदान किया जाता है ताकि वे शिक्षित होकर कामयाब हो सकें। हर साल 150-200 जरूरतमंद बच्चों को दाखिला लेने पर विशेष छूट दी जाती है। वहीं बच्चे बदले में स्कूल में टॉपर बनकर स्कूल के साथ अपने अभिभावकों के नाम को रोशन करते हैं। स्कॉलरशिप के तहत पढ़ने वाले कई बच्चे चिकित्सक व अभियंता बनकर देश की सेवा कर रहे हैं। स्कूल की प्राचार्य शर्मिष्ठा चंदा पाल ने कहा कि यहां अध्ययन करने वाले बच्चों को अनुशासन सहित कई अतिरिक्त ज्ञान प्रदान किया जाता है। बच्चों को खेल-कूद के लिए प्रेरित किया जाता है। मौके पर स्कूल कमेटी के मुख्य सरंक्षक एनके शर्मा, चेयरमैन एमपी गुप्ता, उपाध्यक्ष राधा शर्मा, अतुल शर्मा, रायफल क्लब के बीके ढल, स्वपन चौधरी, पवन गुटगुटिया सहित कई अतिथि व व्यापक संख्या में अभिभावक व विद्यार्थी उपस्थित थे।