छात्रवृत्ति की मांग पर छात्रों ने किया राष्ट्रीय राजमार्ग जाम

मानभूम महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के आंदोलन से यात्रियों को हुई परेशानी
प्रदर्शन करते विद्यार्थी
प्रदर्शन करते विद्यार्थी
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

पुरुलिया: वर्ष 2025-26 के एससी-एसटी विद्यार्थियों को अब तक छात्रवृत्ति की राशि नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को मानभूम महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पुरुलिया-जमशेदपुर 18 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग को करीब ढाई घंटे तक जाम कर विरोध-प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों का आरोप है कि शैक्षणिक सत्र समाप्त होने के बावजूद बड़ी संख्या में पात्र विद्यार्थियों के खातों में छात्रवृत्ति की राशि नहीं पहुंची है। इससे नाराज छात्रों ने सड़क पर उतरकर अपनी मांग को लेकर आंदोलन शुरू किया। पश्चिम बंगाल आदिवासी कल्याण समिति की पुरुलिया जिला शाखा के युवा संपादक मोहन टुडू ने बताया कि 2025-26 सत्र के एससी-एसटी विद्यार्थियों में कुछ को छात्रवृत्ति की राशि मिली है, लेकिन अधिकांश विद्यार्थी अब भी इससे वंचित हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में छात्र कई बार बीसीडब्ल्यू कार्यालय का चक्कर लगा चुके हैं। शुरुआत में अधिकारियों की ओर से समस्या देखने का आश्वासन दिया गया था। करीब डेढ़ महीने बाद दोबारा संपर्क करने पर छात्रों को बताया गया कि संबंधित पोर्टल फिलहाल बंद है और खुल नहीं रहा है। बार-बार कार्यालय जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर छात्रों को सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ा। इधर, राष्ट्रीय राजमार्ग पर छात्रों के धरने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क पर आवागमन बाधित होने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची और आंदोलनरत छात्रों से बातचीत की। बाद में बीसीडब्ल्यू कार्यालय के एक अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर छात्रों से बातचीत की और उनकी समस्या सुनी। अधिकारी के आश्वासन के बाद छात्र-छात्राओं ने सड़क से जाम हटा लिया। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in