चार बांग्लादेशी नागरिकों को बीएसएफ के हवाले

डिपोर्टेशन की प्रक्रिया के तहत हुई है कार्रवाई
पकड़े गए बांग्लादेशी नागरिक
पकड़े गए बांग्लादेशी नागरिक
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

पुरुलिया:बांग्लादेशी नागरिकों को उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया के तहत पुरुलिया जिला पुलिस ने रघुनाथपुर के अस्थायी होल्डिंग सेंटर में रखे गए चार बांग्लादेशी नागरिकों को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के हवाले करने की पहल की है। दक्षिण बंगाल फ्रंटियर के निर्देशों के अनुसार, शुक्रवार को चारों को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच नदिया जिले के हरिणघाटा स्थित बीएसएफ की 143वीं बटालियन के मुख्यालय ले जाया गया। वहां से प्रत्यर्पण की अगली प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए चार लोगों की पहचान मोहम्मद जाहिद इमन, मोहम्मद तौहिद मंडल, शांत हुसैन और सुमन शेख के रूप में हुई है। अब तक चारों को रघुनाथपुर के अस्थायी होल्डिंग सेंटर में रखा गया था। निर्धारित नियमों के तहत उन्हें बीएसएफ के सुपुर्द कर प्रत्यर्पण संबंधी आगे की कार्रवाई की जाएगी।

13 सितंबर को सामने आया था मामला

गौरतलब है कि गत 13 सितंबर को दोपहर में रघुनाथपुर के सालका अस्पताल रोड के पास साड़ी पहने एक व्यक्ति को घूमते देखकर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ था। पूछताछ के दौरान उस व्यक्ति ने अपना नाम मोहम्मद तौहिद मंडल बताया। इसके बाद मामले की जांच में जुटी रघुनाथपुर थाना पुलिस ने उससे मिली जानकारी के आधार पर पुरुलिया शहर के एक लॉज से तीन अन्य लोगों को हिरासत में लिया था।

इसके बाद चारों को रघुनाथपुर के अस्थायी होल्डिंग सेंटर में रखा गया। उन्हें बांग्लादेश वापस भेजने के उद्देश्य से डिपोर्टेशन यानी प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू की गई थी।

शुक्रवार को चारों को बीएसएफ की 143वीं बटालियन के मुख्यालय भेज दिया गया। वहां निर्धारित नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in