

सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : दुर्गा पूजा से ठीक पहले मासिक फंड के नाम पर लाखों रुपये की ठगी कर ''चंपा'' नाम की महिला फरार हो गई, जिससे 100 से अधिक महिलाएं ठगी का शिकार हुई हैं। जानकारी के अनुसार अभियुक्त बीरभानपुर की रहने वाली चंपा बावरी है। दुर्गापुर के वार्ड नंबर 40 का बीरभानपुर इलाके में यह घटना घटी है। पीड़ित महिलाओं ने बताया कि चंपा ने उन्हें अधिक ब्याज का लालच देकर ठगी का शिकार बनाया। उसने 100 से ज्यादा महिलाओं से सालों से मासिक फंड के नाम पर लाखों रुपये जमा कराए थे। वहीं अचानक चंपा के गायब होने पर धोखाधड़ी का पता चला। पीड़ित महिलाएं उसके पति और मां के घर भी गईं, लेकिन वह कहीं नहीं मिली। शनिवार शाम 100 से अधिक महिलाओं ने एकजुट होकर ''कॉकओवन'' (Coke Oven) थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। ठगी की कुल रकम और मामले की पूरी सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगी।