

विनोद, सन्मार्ग संवाददाता
रानीगंज : रानीगंज शहर से गुजरने वाली NH-60 पर सोमवार दोपहर करीब 1 बजे अचनाक अफरा-तफरी मच गई, जब सियारसोल राजबाड़ी मोड़ पर एक चलती बाइक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरी बाइक धू-धू कर जलने लगी और काले धुएं से पूरा इलाका घिर गया। जानकारी के मुताबिक, अंडाल थाना अंतर्गत बहुला के रहने वाले धर्मेंद्र हरिजन अपनी पत्नी के साथ स्वास्थ्य जांच के लिए सियारसोल राजबाड़ी मोड़ आए थे। राजबाड़ी मोड़ पर पहुंचते ही बाइक से धुआं निकलने लगा। वे कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आग ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। धर्मेंद्र हरिजन का कहना है कि उन्होंने तुरंत बिजली कनेक्शन काटकर बाइक बचाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कुछ ही सेकंड में बाइक जलकर राख हो गई। यह काफी भीड़-भाड़ वाला इलाका है। आसपास कई गाड़ियां खड़ी थीं और दुकानों की लंबी कतार है। अगर आग फैल जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि, स्थानीय दुकानदारों की तत्परता से बड़ी अनहोनी टल गई। आग लगते ही दुकानदार फायर एक्सटिंग्विशर लेकर दौड़े। किसी ने पानी तो किसी ने धूल डालकर आग बुझाने की कोशिश की और कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। स्थानीय लोगों ने कहा, समय पर आग नहीं बुझती तो आज बड़ा हादसा हो जाता।