पांडवेश्वर में ECL कर्मी के घर व कोलियरी कार्यालय में CBI रेड

ट्रांसफर कराने के नाम पर घूसखोरी का आरोप
पांडवेश्वर में ECL कर्मी के घर व कोलियरी कार्यालय में CBI रेड
Published on

संजय, सन्मार्ग संवाददाता

पांडवेश्वर : पांडवेश्वर के साउथ श्यामला कोलियरी इलाके में बुधवार रात केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की अचानक हुई छापेमारी से हड़कंप मच गया। CBI टीम ने श्रमिक संगठन के नेता व ECL कर्मी संकर्षण हरिजन के आवास तथा कोलियरी कार्यालय में एक साथ दबिश दी। बताया जा रहा है कि देर रात तक चली इस सघन तलाशी में जांच एजेंसी ने कई अहम दस्तावेज जब्त किए हैं। सीबीआई की इस औचक कार्रवाई से स्थानीय कोलियरी क्षेत्र और श्रमिक राजनीति से जुड़े हलकों में भारी खलबली है। हालांकि, जांच एजेंसी के अधिकारियों ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

ट्रांसफर के एवज में मोटी रकम मांगने का आरोप

सूत्रों के मुताबिक, ECL के ही एक कर्मचारी को मनचाहा लाभ दिलाने व ट्रांसफर कराने के एवज में मोटी रिश्वत लेने की शिकायत CBI से की गई थी। इस कथित वित्तीय लेन-देन के पुख्ता इनपुट मिलने के बाद जांच एजेंसी ने सीधे रेड मारी।

घर से नदारद मिला आरोपी, बेटे को बैठाकर पूछताछ

रात करीब 8 बजे जब टीम संकर्षण हरिजन के आवास पर पहुंची, तो वह मौके पर मौजूद नहीं मिला। आरोपी के न मिलने पर अधिकारियों ने उसके बेटे पंकज हरिजन को हिरासत में लेकर घंटों पूछताछ की और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले। आवास के साथ-साथ साउथ श्यामला कोलियरी कार्यालय में भी तलाशी ली गई, जहां से सेवा और ट्रांसफर से जुड़ी फाइलों को जांच एजेंसी के अधिकायों ने खंगाला। इस कार्रवाई से कोलियरी प्रबंधन में हड़कंप का माहौल देखा गया।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in