"भाभी और बौदी कल्चर'' खत्म करने का आह्वान

भाजपा नेता के बयान पर गरमाई सियासत
"भाभी और बौदी कल्चर'' खत्म करने का आह्वान
समर्थकों को संबोधित करते बिष्णुचरण शिकदार
Published on: 

​मुर्शिदाबाद : मुर्शिदाबाद सांगठनिक जिला भाजपा के महासचिव बिष्णुचरण शिकदार द्वारा एक जनसभा में दिए गए अपने विवादित बयान के कारण चौतरफा घिर गए हैं। हरिहरपाड़ा थाना क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने समाज से ''भाभी और बौदी कल्चर'' तथा ''दोस्त कल्चर'' को पूरी तरह खत्म करने का फरमान सुनाया है। इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों और आम लोगों के बीच तीखी प्रतिक्रिया शुरू हो गई है। हालांकि सन्मार्ग उक्त वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

​जनसभा में बिष्णुचरण शिकदार द्वारा कही गई बातों पर चर्चा तेज हो गई है। उन्होंने दावा किया कि समाज में सारी गंदगी और गलत रिश्ते इसी ''भाभी और बौदी कल्चर'' की वजह से फैलते हैं। उन्होंने कहा कि सगे, ममेरे या फुफेरे देवर के अलावा कोई भी अन्य व्यक्ति किसी महिला को ''बौदी'' या ''भाभी'' कहकर संबोधित नहीं कर सकता। उन्होंने पुरुषों को सलाह दी कि वे उम्र में बड़ी महिलाओं को ''दीदी'' और छोटी महिलाओं को ''बहन'' या उनके नाम से बुलाएं। साथ ही महिलाओं से भी अपील की कि वे खुद पहल कर पुरुषों को ऐसा करने से रोकें। वहीं युवाओं को संबोधित करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि किसी भी दोस्त को घर पर न बुलाया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि कोई दोस्त घर आने की बात कहे, तो उससे चाय की दुकान, मंदिर या किसी अन्य सार्वजनिक स्थान पर मिलने के लिए कहा जाए, ताकि सामाजिक बुराइयों को रोका जा सके। हालांकि विवाद बढ़ता देख भाजपा ने इस बयान से खुद को अलग कर लिया है। मुर्शिदाबाद सांगठनिक जिला अध्यक्ष सौमेन मंडल ने स्पष्ट किया कि यह शिकदार की निजी राय है और पार्टी के आधिकारिक रुख से इसका कोई लेना-देना नहीं है। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने इस टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए इसे संकीर्ण मानसिकता का परिचय बताया। उन्होंने कहा कि ''भाभी'' शब्द का इस्तेमाल हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों की परंपरा का हिस्सा है, और केवल संबोधन बदलने से समाज नहीं बदल सकता।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News