पार्किंग शुल्क को लेकर बर्नपुर से आसनसोल रेलवे स्टेशन तक बस सेवा ठप

विधायक से मिले बस मालिक एवं ड्राइवर
बस मालिक एवं ड्राइवर से चर्चा करते विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी
बस मालिक एवं ड्राइवर से चर्चा करते विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी
Published on

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल / बर्नपुर : आसनसोल रेलवे स्टेशन और बर्नपुर के बीच चलने वाली मिनी बस और बड़ी बसों का परिचालन रविवार से अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। पार्किंग शुल्क और बसों को स्टेशन परिसर में रोकने को लेकर विवाद के बाद बस मालिकों, ड्राइवर और खलासियों ने यह निर्णय लिया है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर रविवार को बस कर्मी आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी से मिलने पहुंचे। बस मालिकों का आरोप है कि वे वर्षों से आसनसोल रेलवे स्टेशन तक बस सेवा दे रहे हैं, लेकिन अब रेलवे स्टेशन परिसर में बस खड़ी करने के लिए प्रति बस 6,000 रुपये मासिक शुल्क की मांग की जा रही है। उनका कहना है कि यह राशि वहन करना उनके लिए संभव नहीं है।

क्या कहना है बस कर्मचारियों का

बस कर्मचारियों ने कहा कि स्टेशन पहुंचने पर बसों को कुछ देर भी रुकने नहीं दिया जा रहा है। रुकने पर प्रति ट्रिप 50 रुपये वसूला जा रहा है। आरोप है कि पहले स्टेशन परिसर में बसों को कुछ समय रुकने की सुविधा मिलती थी और बस स्टैंड भी था, लेकिन अब परेशानी बढ़ गई है। ड्राइवरों ने यह भी आरोप लगाया कि यदि वे स्टेशन के बजाय 13 नंबर मोड़ के पास बस रोकते हैं तो आरपीएफ द्वारा हटा दिया जाता है। कुछ कर्मचारियों ने अपने साथ गाली-गलौज और मारपीट का भी आरोप लगाया है।

क्या कहना है बस मालिकों का

बस मालिकों का कहना है कि पहले ही टोटो और ऑटो की बढ़ती संख्या से आमदनी पर असर पड़ा है, ऐसे में अतिरिक्त शुल्क देना आर्थिक रूप से कठिन है। मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी से मिलकर इसकी शिकायत की है। वहीं विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने रेलवे अधिकारियों से फोन पर बात कर पार्किंग और टेंडर से जुड़ी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन तक बस सेवा बेहद जरूरी है। विधायक ने बस मालिकों से लिखित शिकायत देने को कहा और समाधान का आश्वासन दिया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in