अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई बस, 10 यात्री घायल

दुर्घटना बस
दुर्घटना बस
Published on

बांकुड़ा : कोलकाता से बांकुड़ा के विष्णुपुर जा रही श्रद्धालुओं और यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे साल के पेड़ों से टकरा गई। इस हादसे में 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह घटना जयपुर और विष्णुपुर के बीच स्थित जंगल के रास्ते में घटी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, बस कोलकाता से अत्यधिक तेज गति में विष्णुपुर की ओर आ रही थी। सावन का सोमवार होने के कारण तारकेश्वर के श्रावणी मेले में शामिल होने वाले कई श्रद्धालु भी बस की छत पर सवार होकर विष्णुपुर लौट रहे थे। विष्णुपुर में प्रवेश करने से ठीक पहले जंगल के मार्ग पर ड्राइवर ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित बस सड़क से उतरकर किनारे मौजूद साल के पेड़ों से एक के बाद एक जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस एक तरफ झुक गई। घटना की सूचना मिलते ही पहले राहगीरों ने और बाद में विष्णुपुर थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। हादसे में घायल 10 लोगों को पुलिस ने विष्णुपुर सुपर स्पेश्यलिटी अस्पताल में भर्ती कराया। ममता राय, तापस राय, निकुंजवन बारी व अन्य घायल यात्रियों का आरोप है कि बस की रफ्तार बहुत तेज थी, जिस कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर अपनी जांच शुरू कर दी है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in