

संजय, सन्मार्ग संवाददाता
बर्दवान : बर्दवान के नवाबहाट इलाके में इलाज में लापरवाही के कारण एक बच्चे की मौत के आरोप के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग ने नर्सिंग होम को बंद करने का निर्देश दिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMOH) जयराम हेम्ब्रम द्वारा जारी एक अधिसूचना में कहा गया है कि अगले आदेश तक नर्सिंग होम में किसी भी नए मरीज को भर्ती नहीं किया जा सकता और न ही किसी तरह का इलाज चलेगा। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। मंगलवार रात बर्दवान के नवाबहाट स्थित संबंधित नर्सिंग होम को बंद करने का आदेश स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया। गौरतलब है कि हाल ही में फाइमोसिस (Phimosis) के ऑपरेशन के लिए एक बच्चे को उस नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के तुरंत बाद ही उसकी मौत हो गई। परिवार का आरोप था कि इलाज में लापरवाही के कारण ही यह मौत हुई है। डॉक्टर और नर्सिंग होम प्रशासन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के बावजूद शुरुआत में कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया था। बाद में बच्चे के परिजनों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी के कार्यालय के बाहर धरना दिया, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू की। जयराम हेम्ब्रम ने कहा कि अगला आदेश जारी होने तक नर्सिंग होम में किसी भी मरीज की भर्ती या इलाज नहीं किया जा सकेगा।