'बर्दवानवासी अपने पालतू पशुओं को दे पायेंगे सम्मानजनक अंतिम विदाई'

बर्दवान नगरपालिका ने पशुओं को लेकर उठाया अनोखा कदम
'बर्दवानवासी अपने पालतू पशुओं को दे पायेंगे सम्मानजनक अंतिम विदाई'
Published on

बर्दवान : बर्दवान नगरपालिका ने आगामी 2026-2027 वित्तीय वर्ष के लिए 296 करोड़ रुपये का बजट पेश किया है। आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए, बजट पेश करने के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नगरपालिका अध्यक्ष परेश सरकार ने विकास कार्यों के आंकड़े प्रस्तुत किए। उन्होंने शहर के 35 वार्डों में सड़कों, नालियों के निर्माण, स्ट्रीट लाइटों और राज्य सरकार की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उल्लेख किया। इस बजट में नगरपालिका ने एक अभिनव कदम उठाया है। शहर में पालतू जानवरों की मृत्यु के बाद उनके अंतिम संस्कार को लेकर होने वाली परेशानी को देखते हुए, चेयरमैन ने घोषणा की कि वे पालतू और आवारा जानवरों के लिए एक कब्रिस्तान (Pet Cemetery) बनाने जा रहे हैं। यह कब्रिस्तान 35 वार्डों के बीच किसी एक चिह्नित स्थान पर बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य सड़क पर पशुओं के शव पड़े रहने की समस्या को खत्म करना और लोगों को अपने पालतू जानवरों को सम्मानजनक विदाई देने की सुविधा प्रदान करना है।

अस्थायी कर्मचारियों ने किया विरोध प्रदर्शन

बजट सत्र के दौरान उस समय सनसनी फैल गई जब नगरपालिका के अस्थायी कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर वहां पहुंच गए। दोपहर से ही कर्मचारी वेतन वृद्धि की मांग को लेकर जुटने लगे थे। पत्रकार वार्ता के दौरान कुछ कर्मचारी गलती से कमरे के भीतर भी घुस गए, लेकिन बाद में बाहर निकल आए। प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म होने के बाद कर्मचारियों ने चेयरमैन को घेरकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारी विश्वनाथ दे ने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि बजट में उनके वेतन वृद्धि पर चर्चा होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। चेयरमैन ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया है कि इस मुद्दे पर शुक्रवार को चर्चा की जाएगी।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in