

बर्दवान: अंततः पुलिस के जाल में कथित 'फर्जी डॉक्टर' शेख साइदुल फंस गया। बर्दवान थाना पुलिस ने उसे दिल्ली एयरपोर्ट के पास से गिरफ्तार किया। बर्दवान के नवाबहाट इलाके में गलत इलाज के कारण एक बच्चे की मौत के आरोप के बाद बर्दवान थाना पुलिस ने जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस को चौंकाने वाली जानकारी मिली कि बर्दवान के लगभग 26 नर्सिंग होम से जुड़ा शेख साइदुल बिहार के फर्जी सर्टिफिकेट का इस्तेमाल करके डॉक्टरी कर रहा था। यह मामला सामने आते ही राज्य स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। खुद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए, जिसके बाद शेख साइदुल की गिरफ्तारी महज समय की बात थी। आखिरकार मंगलवार को बर्दवान थाना पुलिस ने शेख साइदुल को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि वह पुलिस की आंखों में धूल झोंककर कहीं और भागने की फिराक में था। गिरफ्तार शेख साइदुल को बुधवार को बर्दवान अदालत में पेश किया जाएगा।