

संजय, सन्मार्ग संवाददाता
बर्दवान : भारत के स्वतंत्रता संग्राम का प्रमुख केंद्र रहे बर्धमान स्थित चान्ना आश्रम को संरक्षित किया जाएगा। यह आश्वासन राज्य की उद्योग राज्य मंत्री मौमिता विश्वास मिश्रा ने दिया है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने देश के स्वतंत्रता इतिहास को मिटाने और नष्ट करने का प्रयास किया और इसका संरक्षण नहीं किया, लेकिन राज्य की भाजपा सरकार इस विषय को लेकर गंभीर है। इसलिए बर्दवान के चान्ना आश्रम के इतिहास को सहेजा जाएगा। उल्लेखनीय है कि देश की आजादी की लड़ाई के दौरान गलसी-2 ब्लॉक स्थित इसी चान्ना आश्रम में क्रांतिकारी गुप्त बैठकें करते थे, जिनमें स्वयं नेताजी सुभाष चंद्र बोस का नाम भी शामिल है। वर्तमान में उचित रखरखाव के अभाव में यह आश्रम जर्जर स्थिति में है। पिछली तृणमूल सरकार के कार्यकाल में भी इसके संरक्षण की मांग उठी थी, लेकिन उसे लागू नहीं किया गया। मंगलवार को बर्दवान टाउन हॉल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को आने वाले जन्मदिन के अवसर पर महीने भर चलने वाले राष्ट्रव्यापी ''सेवा संकल्प अभियान'' की घोषणा की गई।