बुजुर्ग हो गए धोखा धड़ी के शिकार

बैंक में ही रुपया गिनने के दौरान हुई गड़बड़ी
साभार प्रतीक फोटो
साभार प्रतीक फोटो
Published on: 

बर्दवान : गुरुवार सुबह बर्दवान शहर के पारबीरहाटा इलाके में स्थित एक सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक में पैसे जमा करने आए एक बुजुर्ग ग्राहक धोखाधड़ी का शिकार हो गए। यह घटना सुबह करीब 10.30 बजे घटी।

​जानकारी के मुताबिक, बर्दवान के निवासी लालबिहारी पाल बैंक में एक लाख रुपये जमा करने आए थे। जमा पर्ची (डिपॉजिट स्लिप) पर एक लाख रुपये लिखकर जब वे काउंटर पर जमा करने गए, तो बैंक कर्मचारी ने देखा कि वहां सिर्फ 72 हजार रुपये ही थे, यानी 28 हजार रुपये कम थे। जब इस बात की जानकारी बुजुर्ग ग्राहक को दी गई, तो वे हैरान रह गए।

​उन्होंने दावा किया कि उनके पास पूरे एक लाख रुपये ही थे। जमा करने से पहले उन्होंने एक अज्ञात व्यक्ति से पैसे गिनने के लिए कहा था। उनकी शिकायत है कि उसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें बेवकूफ बनाकर 28 हजार रुपये उड़ा लिए। बैंक अधिकारी पूरी बात समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी ठग वहां से रफूचक्कर हो गया।

​बैंक की ओर से तुरंत बर्दवान थाने को इस मामले की सूचना दी गई। पीड़ित ग्राहक के पक्ष में बैंक द्वारा थाने में रुपये चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने वरिष्ठ नागरिकों की वित्तीय सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in