

जितेंद्र, सन्मार्ग संवाददाता
सांकतोड़िया : ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड में कर्मचारियों के कल्याण, उनकी कार्य संबंधी समस्याओं और बुनियादी सुविधाओं को लेकर प्रबंधन ने पहल तेज की है। इसी कड़ी में शीतलपुर अतिथिगृह में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए वेलफेयर बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कंपनी के निदेशक (एचआर) गुंजन कुमार सिन्हा ने की। इसमें ईसीएल के वरिष्ठ प्रबंधन अधिकारियों के साथ मान्यता प्राप्त ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान ईसीएल के कर्मचारियों के कल्याण, बेहतर स्वास्थ्य, सुविधा और उनकी विभिन्न समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रबंधन ने कर्मचारियों के हितों और उनकी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, कार्यस्थल पर बेहतर वातावरण, कल्याणकारी योजनाओं तथा कर्मचारियों और उनके परिवारों की बेहतरी से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। निदेशक एचआर गुंजन कुमार सिन्हा ने कहा कि किसी भी औद्योगिक संस्थान की कार्यक्षमता और उत्पादन व्यवस्था को मजबूत बनाने में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में कर्मचारियों की जरूरतों और समस्याओं की अनदेखी नहीं की जा सकती। उनके लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और समय पर शिकायतों का निपटारा करना प्रबंधन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर
बैठक के दौरान निदेशक (एचआर) ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि उनकी वास्तविक समस्याओं को समझकर समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने समस्याओं के समयबद्ध निपटारे और कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू करने पर जोर दिया।अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि कर्मचारियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े।
प्रबंधन और यूनियन के बीच संवाद को महत्वपूर्ण पहल
वेलफेयर बोर्ड की बैठक में मान्यता प्राप्त ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधियों की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कर्मचारियों की समस्याओं और अपेक्षाओं को प्रबंधन तक पहुंचाने में ट्रेड यूनियनों की अहम भूमिका होती है।