आसनसोल एवं सिउड़ी अदालत में फिर बम की धमकी

तमिलनाडू से दुबारा आया है मेल
आसनसोल एवं सिउड़ी अदालत में फिर बम की धमकी
Published on

आसनसोल : पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल जिला अदालत में बुधवार को फिर एक धमकी भरा ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया। पिछले 24 घंटों के अंदर यह दूसरी बार है, जब कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस कारण कोर्ट परिसर में फिर चारों तरफ खलबली मच गई। बताया जाता है कि यह दूसरी बार धमकी भरा मेल बुधवार सुबह तकरीबन 11 बजे एक ई-मेल के माध्यम से प्राप्त हुआ। यह मेल कोयम्बटूर से भेजा गया है। इससे पहले मंगलवार को भी तमिलनाडु से इसी तरह का एक धमकी भरा ई-मेल आया था, जिसमें RDX धमाके की चेतावनी दी गई थी। बताया जाता है कि बुधवार के मेल में स्पष्ट रूप से लिखा गया था कि नमाज के बाद जिला जज भवन में रखा RDX ब्लास्ट कर दिया जाएगा। वहीं धमकी मिलते ही आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट को सूचित किया गया। इसके तुरंत बाद डीसीपी (सेंट्रल) ध्रुव दास के नेतृत्व में पुलिस की एक विशाल टीम, डॉग स्क्वायड और बम स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस दिन भी पूरे कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करा दिया गया था। वहीं जांच के बाद पुलिस को किसी भी प्रकार की कोई आपत्तिजनक सामग्री देखने को नहीं मिली। वहीं बीरभूम के सिउड़ी अदालत को भी इसी प्रकार के धमकी भरे मेल मिले हैं। मेल धमकी मिलने की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो पूरे अदालत परिसर की जांच की पर कुछ भी नहीं मिला। अधिकारियों ने बताया कि बम की धमकी मिलने के बाद लोगों को अदालत से निकाला गया और तलाशी अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों को अब तक की तलाशी में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम बंगाल के आसनसोल और सिउड़ी की जिला अदालतों तथा झारखंड की धनबाद दीवानी अदालत को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले। मंगलवार को भी पश्चिम बंगाल की कम से कम छह अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जो अफवाह साबित हुई।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in