परित्यक्त घर में बम का धमाका, दहल उठा पूरा गांव

लावदोहा के आरती गांव में घटी है घटना
इसी घर में हुई है चोरी
इसी घर में हुई है चोरी
Published on

अंडाल : दशकों से परित्यक्त स्थिति में पड़े एक घर में बम विस्फोट होने से पूरा गांव दहल उठा। धमाके के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। यह घटना रविवार को पांडवेश्वर विधानसभा के फरीदपुर (लावदोहा) थाना अंतर्गत आरती गांव में घटी है। बम धमाके की खबर मिलते ही पुलिस बल ने मौके पर पहुंच पड़ताल शुरू कर दी है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक तीन दशक से भी अधिक समय से उक्त घर परित्यक्त हाल में पड़ा है। उस घर में कोई नहीं रहता है। जीर्णशीर्ण हाल में पड़े उक्त घर से तेज धमाके की आवाज सुन ग्रामीणों में हलचल मच गई। घटना में घर की छत का एक हिस्सा ढह गया। स्थानीय रेशमा तारा खातून ने कहा कि विस्फोट के बाद उनलोगों का घर प्रांगण धुआं से भर गया। घटना के वक्त उनकी बेटी उस घर के सामने थी। उसके पैर में हल्की चोट आई है। घटना के बाद से वे लोग आतंकित हैं। परित्यक्त घर के मालिक शेख सिराजुल हक ने कहा कि उस घर में वे लोग नहीं रहते। खबर मिलने के बाद वह वहां पहुंचे। देखा कि विस्फोट से घर की छत का हिस्सा ढह गया है। घटना की खबर फौरन पुलिस को दी गई। घटना की खबर मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी है। बम स्क्वायड को बुलाया गया। जांच के दौरान घर से जिन्दा बम नहीं मिला है। हालांकि जांच के दौरान बम एक्सपर्ट को स्प्लिंटर मिला है। इससे स्पष्ट है कि बम विस्फोट से यह घटना हुई है। एसीपी (अंडाल डिवीजन) पिंटू साहा ने कहा कि जिस घर में बम विस्फोट हुआ है, वह वर्ष 1992 से परित्यक्त हाल में है। पुलिस घटना की गहनतापूर्वक पड़ताल कर रही है। बम किसने, किस उद्देश्य से रखा था, आदि बिंदुओं पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना में कोई जख्मी नहीं हुआ है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in