

बर्नपुर : बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ एवं बर्नपुर ठेकेदार मजदूर संघ (भारतीय मजदूर संघ) की ओर से शरबत एवं चना वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गौरतलब है कि भीषण गर्मी के बीच ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे हजारों श्रमिकों एवं आम लोगों को आईएसपी के प्रमुख गेट स्कोब गेट, फ्लाईओवर गेट एवं न्यू टाउन गेट पर श्रमिकों और राहगीरों को शरबत एवं चना वितरण किया गया। मौके पर यूनियन के महासचिव संजीत बनर्जी ने कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए संगठन द्वारा पहली बार इस प्रकार का जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसे श्रमिकों एवं आम जनता का व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य आईएसपी के ठेका श्रमिकों के लिए केंद्रीय वेतनमान शीघ्र लागू करने की मांग को लेकर जागरूकता फैलाना भी था। इसी मुद्दे पर बर्नपुर ठेकेदार मजदूर संघ द्वारा आगामी 7 जून (रविवार ) को यूनियन कार्यालय में एक अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात केंद्रीय वेतनमान सहित ठेका श्रमिकों के सभी सामाजिक सुरक्षा अधिकारों को लागू कराने के लिए प्रबंधन एवं सरकार के समक्ष चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। इस मौके पर यूनियन के अध्यक्ष अजय सिंह, बर्नपुर ठेकेदार मजदूर संघ के अध्यक्ष महेश बनर्जी, महासचिव संजीत प्रसाद, बिजय कुमार, अमित सिंह, अशोक सिंह, प्रभात कुमार, रवि शंकर, कृपा शंकर, राजीव कुमार, मीत भाई, श्रीकांत साह, संतोष झा सहित सैकड़ों यूनियन कार्यकर्ता मौजूद थे।