

सन्मार्ग संवाददाता
कुल्टी : नया वेतनमान लागू होने का सर्कुलर एवं वेतन वृद्धि की खुशी में गुरुवार देर शाम भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) की कुल्टी इकाई ने सेल आईएसपी कुल्टी कारखाने में भव्य विजय उत्सव मनाया। डिप्टी लेबर कमिश्नर (सेंट्रल) केसी साहू एवं लेबर एनफोर्समेंट ऑफिसर सरोज प्रधान के आगमन पर बीएमएस की टीम ने कारखाने के मुख्य द्वार पर ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद उप श्रम आयुक्त ने प्रबंधन के साथ बैठक की जिसमें एजीएम जिशान सहित कई अधिकारी शामिल थे। बाद में श्रमिकों के साथ बैठक की गयी जिसमे वेतन वृद्धि एवं श्रमिक अधिकारों की जानकारी दी गई। बीएमएस की ओर से उप श्रम आयुक्त को सम्मानित किया गया। इस खुशी में श्रमिकों के बीच मिठाई बांटी गई और आतिशबाजी की गई। अंत में बीएमएस की टीम ने अतिथियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी। इस अवसर पर बर्नपुर कर्मचारी इस्पात संघ के महासचिव संजीत बनर्जी, बर्नपुर ठेकेदार मजदूर संघ के महासचिव संजीत प्रसाद, बीएमएस जिला उपाध्यक्ष गोबिंद माजी, फेडरेशन सदस्य बाचू कुमार, राज किशोर कुइरी, उत्पल घोष, मिथिलेश राय, बबलू सिंह, रवि शंकर चौबे, प्रेमनाथ पांडे सहित बीएमएस के सदस्य सहित काफी संख्या में श्रमिकों ने भाग लिया।