वर्चस्व को लेकर किन्नरों के दो गुटों में खूनी संघर्ष, आठ घायल

गुस्साए किन्नरों ने थाने पर किया प्रदर्शन
प्रदर्शन करते किन्नर
प्रदर्शन करते किन्नर
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

पांडवेश्वर : पांडवेश्वर स्टेशन रोड स्थित हनुमान मंदिर के समीप रविवार दोपहर इलाके में वर्चस्व को लेकर किन्नरों के दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में आठ किन्नर घायल हो गए। घटना के विरोध में आक्रोशित किन्नरों ने पांडवेश्वर थाना के सामने घंटों प्रदर्शन किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। पश्चिम बर्दवान जिला किन्नर समाज के गुरु बित्तन तिवारी के अनुसार, उनके गुट के कुछ सदस्यों को चोरी के आरोप में पूर्व में निष्कासित किया गया था। रविवार दोपहर करीब एक बजे जब उनके शिष्य पारंपरिक नेग मांगने स्टेशन रोड पहुंचे, तभी निष्कासित सदस्यों ने स्थानीय असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर लाठी-डंडों और चाकू से अचानक हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान ढोलक, नकदी और सोने के गहने भी लूट लिए। हमले में एक बुजुर्ग किन्नर का हाथ टूट गया, जबकि दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें रानीगंज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हमलावरों में बांग्लादेशी किन्नरों के शामिल होने का आरोप

गुरु बित्तन तिवारी ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों में बांग्लादेश से आए कुछ फर्जी किन्नर भी शामिल थे। घटना के बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे दर्जनों किन्नर पांडवेश्वर थाने पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर इंसाफ की मांग की। प्रदर्शन शाम करीब साढ़े चार बजे तक चला। पुलिस अधिकारियों द्वारा कड़ी कार्रवाई के आश्वासन और चार आरोपियों को हिरासत में लिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in