

सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल/ बर्नपुर : बंगाली अभिनेत्री श्रीलेखा मित्रा के खिलाफ भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) ने आसनसोल जिला इकाई ने कड़ा विरोध जताते हुये आसनसोल साउथ थाना एवं हीरापुर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अविक कुमार मंडल के निर्देश पर जिला के हर थाना में श्रीलेखा मित्रा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई जा रही है। गौरतलब है कि कोलकाता के एस्प्लेनेड (धर्मतल्ला) में नीट पेपर लीक मामले के खिलाफ आयोजित एक छात्र रैली के दौरान विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कथित रूप से आपत्तिजनक और अश्लील पोस्टर थामने को लेकर विभिन्न थाना सहित आसनसोल व हीरापुर थाना में भी शिकायत दर्ज कराई गई है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेताओं का कहना है कि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अशोभनीय और अपमानजनक चित्रों का सार्वजनिक प्रदर्शन लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अर्थ किसी भी व्यक्ति, विशेषकर देश के निर्वाचित प्रधानमंत्री का अश्लील या अपमानजनक तरीके से चित्रण करना नहीं हो सकता। भाजयुमो ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस मौके पर युवा मोर्चा आसनसोल जिला महासचिव अविराज शर्मा, युवा मोर्चा आसनसोल जिला उपाध्यक्ष दिवाकर शर्मा, अमन प्रसाद, विवेक घोष, शिवम भगत, आशीष बर्नवाल, अरुण पासवान, सौरव प्रसाद एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष गौरव बनर्जी, सोमू भंडारी, सुप्रिया चटर्जी, आकाश वर्मा, विशाल घोष, श्रावणी मंडल, अनूज शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे।