

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर आसनसोल में भी तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को आसनसोल के एक निजी होटल में भाजपा की ओर से पत्रकारों को संबोधन करते हुए अहम जानकारी दी गई। बताया गया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाया जाएगा। इस दौरान स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान, वृक्षारोपण और जनसंपर्क जैसे विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि यह अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा ही संगठन है, इस मंत्र को लेकर जनता तक पहुंचने का संकल्प है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। वहीं जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य ने कहा कि अभियान के दौरान बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा ताकि पीएम मोदी के 25 वर्षों की सेवा और समर्पण के संदेश को घर-घर पहुंचाया जा सके। इस मौके पर मंत्री डॉ. अजय पोद्दार, रानीगंज विधायक पार्थ घोष सहित जिला और प्रदेश स्तर के कई भाजपा नेता उपस्थित थे।