

झाड़ग्राम: एक बार फिर एक शिक्षण संस्थान में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने एक भाजपा कार्यकर्ता को स्कूल समय के दौरान एक प्राथमिक विद्यालय में घुसकर शिक्षकों की पिटाई और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह घटना झाड़ग्राम जिले के जामबनी ब्नॉक के अंर्तगत आने वाले गिधनी अंचल के रानीपाल प्राथमिक विद्यालय में हुई।
बताया जा रहा है कि, हर दिन की तरह, जब कक्षाएं चल रही थीं, तभी एक भाजपा कार्यकर्ता अचानक स्कूल में घुस आया और प्रधानाध्यापक और एक सहायक शिक्षक के साथ गाली गलौज और मारपीट करने की कोशिश की। जब उन्हें वहां से जाने के लिए कहा गया, तो उस भाजपा कार्यकर्ता ने दोनों शिक्षकों को जान से मारने की धमकी दी। यह घटना छात्रों के सामने हुई। नतीजतन, बच्चों में काफी दहशत फैल गई। शिक्षकों ने बताया कि वह व्यक्ति लंबे समय से बिना किसी कारण के स्कूल में आकर हंगामा कर रहा था। घटना के बाद, दोनों प्रभावित शिक्षकों ने जामबनी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने अभियुक्त व्यक्ति जो भाजपा कार्यकर्ता बताया जाता है को गिरफ्तार कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना को लेकर राजनीतिक तनाव भी शुरू हो गया है। भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि बच्चे स्कूल परिसर में एक कुएँ के पास खेल रहे थे, जबकि शिक्षक अपने मोबाइल फोन में व्यस्त थे। इसलिए, भाजपा नेतृत्व ने दावा किया कि इस मुद्दे को अनावश्यक रूप से राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। हालाँकि, झाड़ग्राम जिला प्राथमिक शिक्षा समिति (डीपीएससी) के अध्यक्ष जॉयदीप होता ने कहा, यहाँ राजनीति का कोई मुद्दा नहीं है। स्कूल में घुसकर शिक्षक को परेशान करना बहुत गलत है। इस मामले से कानूनी तौर पर निपटा जाएगा। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। जांबोनी थाने की पुलिस ने पूरी घटना की जांच शुरू कर दी है।