

राजेश, सन्मार्ग संवाददाता
बीरभूम : रविवार शाम को बीजेपी के बूथ अध्यक्ष चंदन भल्ला की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में हलचल मची हुई है। यह हमला एक बंद पड़े राइस मिल के पास हुआ, जिसके बाद से पुलिस जांच में जुट गई है। सोमवार को घटनास्थल पर खोजी कुत्तों (स्निफर डॉग्स) को लाया गया। जिला पुलिस के साथ-साथ राज्य की सीआईडी, एसटीएफ और फॉरेंसिक टीमें भी जांच में शामिल हो गई हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, यह घटना रविवार शाम करीब 7:30 बजे की है, जब चंदन भल्ला को सड़क पर बुलाकर निशाना बनाया गया। आरोप है कि सफेद बाइक पर आए मुंह ढके दो बदमाशों ने उन्हें बहुत करीब से गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। खून से लथपथ हालत में उन्हें बोलपुर अनुमंडल (सब-डिविजनल) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बोलपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। रात में जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) विदित राज भुंदेश ने त्रिशूलापट्टी-मिलपट्टी इलाके का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि यह घटना शाम करीब 7:30 बजे हुई थी और एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रविवार रात को ही बीजेपी नेता के बेटे शुभ्रकांति भल्ला ने बोलपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच की गति बढ़ा दी। देर रात घटनास्थल पर पुलिस कुत्ता लाया गया और सोमवार सुबह भी तलाशी अभियान जारी रहा। पुलिस कुत्ता घटनास्थल से कालिकापुर कॉलोनी होते हुए आरती सिनेमा हॉल तक गया। पुलिस का अनुमान है कि बदमाश इसी रास्ते से भागे होंगे। इस मामले में सीआईडी की नौ सदस्यीय टीम, एसटीएफ और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत और नमूने एकत्र किए हैं। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। हालांकि, हत्या के पीछे कौन शामिल है और इसका मकसद क्या था, यह अभी साफ नहीं हो पाया है।
घटना के बाद एसपी विदित राज भुंदेश, बोलपुर के एसडीपीओ अर्पित आर पारख और बोलपुर थाने के आईसी सुदीप्त मुखर्जी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर मृतक के परिवार से मुलाकात की। बीजेपी के बोलपुर संगठनात्मक जिला अध्यक्ष श्यामापद मंडल भी अस्पताल पहुंचे। वहीं, सुवेंदु अधिकारी के निर्देश पर बीजेपी के दो विधायक ध्रुव साहा और कृष्णकांत साहा कोलकाता से बोलपुर पहुंचे। उन्होंने पहले थाने और फिर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। रामपुरहाट के विधायक ध्रुव साहा ने कहा कि अपराधी चाहे जमीन के 100 फीट नीचे ही क्यों न छिपा हो, उसे ढूंढकर सख्त सजा दी जाएगी। बीजेपी के बीरभूम संगठनात्मक जिला अध्यक्ष उदयशंकर बनर्जी ने भी परिवार से मुलाकात कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।