मारपीट मामले में धनबाद से भाजपा नेता पारिजात गांगुली गिरफ्तार
दुर्गापुर : दुर्गापुर में पशु तस्करी का आरोप लगाकर कुछ लोगों से मारपीट करने वाले फरार भाजपा युवा नेता पारिजात गांगुली को कोकोवेन थाना की पुलिस ने झारखंड के धनबाद से गिरफ्तार किया। दुर्गापुर अनुमंडल अदालत में कड़ी सुरक्षा के बीच पारिजात गांगुली को पेश किया गया। अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद पुलिस की अर्जी पर अभियुक्त को 5 दिनों के लिए रिमांड पर भेजने का आदेश दिया। इस दौरान पुलिस अभियुक्त को रिमांड को लेकर पूछताछ कर रही है। अदालत में मौजूद भाजपा के विधायक लखन घोरूई ने कहा कि पारिजात गांगुली को पुलिस गिरफ्तार करने में विफल रही है। वहीं पारिजात गांगुली ने खुद थाने में पहुंचकर सरेंडर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस बेवजह भाजपा कर्मियों को परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस तृणमूल नेताओं के दबाव में काम कर रही है। इतनी तत्परता पुलिस अपराधियों को पकड़ने में नहीं दिखती है। दुर्गापुर के 33 वार्डों में तृणमूल को लोकसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल पुलिस का दुरुपयोग कर भाजपा कर्मियों को डराने का प्रयास कर रही है। अदालत एवं पुलिस अपना काम करने के लिए स्वतंत्र है। वहीं पारिजात गांगुली के साथ दो और अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। दुर्गापुर में पशु तस्करी को लेकर मारपीट मामले में भाजपा युवा नेता पारिजात गांगुली को मुख्य अभियुक्त बनाया गया है। वहीं मामला दर्ज होने के बाद से पारिजात गांगुली फरार था। दुर्गापुर पुलिस भाजपा नेता को गिरफ्तार करने हेतु जगह-जगह छापामारी कर रही थी। इससे पहले मारपीट में शामिल 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया था। अभियुक्तों के खिलाफ यू/एस 191(2)/191(3)/190/115(2)/117(2)/109(1)/303(2)/137(2)/324(4)/351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि पारिजात गांगुली के नेतृत्व में पशु तस्करी का आरोप लगाकर कुछ लोगों से मारपीट की गई थी। आरोप है कि मारपीट में शामिल सभी अभियुक्त भाजपा कार्यकर्ता हैं। दुर्गापुर में पशु तस्करी का आरोप लगाकर मारपीट से तनाव व्याप्त हो गया था। पश्चिम बर्दवान जिला के तृणमूल अध्यक्ष नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने कोकोवेन थाना में अभियुक्तों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दुर्गापुर थाना में स्थानीय लोगों ने पशु तस्करी मामले को लेकर मारपीट में शामिल लोगों को गिरफ्तार करने की मांग पर हंगामा किया था। यह घटना विगत गुरुवार को गेमन ब्रिज इलाके में हुई थी, जहां एक पशु वाहन को जबरन रोका गया था। वाहन में सवार लोगों से मारपीट की गई थी। कोकोवेन थाना में भाजपा नेता पारिजात सहित कई समर्थकों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार एक पिकअप वैन में कुछ किसान हाट से गाय लेकर जेमुआ इलाके की ओर जा रहे थे तभी पारिजात के नेतृत्व में कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने वाहन को जबरन रोक दिया था। आरोप है कि वाहन ड्राइवर को जबरन नीचे उतारा गया और वाहन में मौजूद लोगों को लाठी से पीटा गया। मारपीट के दौरान कुछ लोगों के हाथ बांध दिए गए थे और कान पकड़कर सरेआम अत्याचार किया गया था। वहीं घटना के समय गाय के पशुओं के पैर से बंधन भी खोल दिए गए थे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने वाहन ड्राइवर और खलासी से वैध दस्तावेज दिखाने को कहा था। वहीं दस्तावेज नहीं दिखा सके तो मारपीट की गई थी। वहीं पारिजात गांगुली के साथ सूरज वाल्मीकि और देवाशीष दे को गिरफ्तार किया गया है।

