

दुर्गापुर : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली बंपर जीत और 15 साल बाद सत्ता परिवर्तन के बाद से ही कई इलाकों से राजनीतिक हिंसा की खबरें आ रही हैं। दुर्गापुर की कई जगहों पर तृणमूल कांग्रेस के पार्टी ऑफिस में तोड़फोड़, आगजनी और कब्जा करने के आरोप सामने आ रहे हैं। इन सबके बीच भाजपा ने राजनीतिक शिष्टाचार की मिसाल पेश की है। दुर्गापुर में भी कई क्लबों और तृणमूल कांग्रेस के कार्यालयों पर कब्जे की शिकायतें सामने आ रही थीं, जिस पर भाजपा नेतृत्व ने कड़ा रुख अपनाया है। भाजपा के युवा नेता पारिजात गांगुली ने जिम्मेदारी लेते हुए कब्जा किए गए इन संस्थानों को उनके मूल पदाधिकारियों को लौटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दुर्गापुर के चंडीदास स्थित 'देशबंधु बॉयज क्लब' को वापस सौंप दिया गया, जिस पर पिछले दिनों पहले कथित तौर पर भाजपा का झंडा लगाकर कब्जा कर लिया गया था। वहीं क्लब वापस करने से पहले भाजपा नेता ने इलाके में बकायदा लाउड स्पीकर के माध्यम से उन लोगों को चेतावनी दी, जो पार्टी के नाम पर अव्यवस्था फैला रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ चंडीदास हेल्थ सेंटर स्थित क्लब पहुंचकर उन्होंने तृणमूल समर्थित पदाधिकारियों को इसकी चाबियां सौंपी। इस अवसर पर पारिजात गांगुली ने कहा कि भाजपा किसी भी तरह की अशांति के पक्ष में नहीं है। उन्होंने बताया कि जैसे ही उन्हें इस क्लब पर कब्जे की सूचना मिली, उन्होंने तुरंत इसे वापस दिलाने का निर्णय लिया। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में सभी लोग आपसी मतभेद भुलाकर क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर काम करेंगे।