बोलपुर में भाजपा बूथ अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या

विधानसभा चुनाव से पहले धमकी का आरोप, 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की बीजेपी की मांग
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस
Published on: 
चंदन मल्ला का फाइल फोटो
चंदन मल्ला का फाइल फोटो

राजेश, सन्मार्ग संवाददाता

संवाददाता, बोलपुर: रविवार शाम बोलपुर शहर में बेखौफ बदमाशों द्वारा बीजेपी के एक बूथ अध्यक्ष की पॉइंट ब्लैंक रेंज से गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक का नाम चंदन भल्ला (42) है। वह त्रिशूलापट्टी इलाके के रहने वाले थे। दलीय सूत्रों के अनुसार, वह बोलपुर के 11 नंबर वार्ड के 201 नंबर बूथ के बीजेपी अध्यक्ष थे। आरोप है कि त्रिशूलापट्टी इलाके में ही उन्हें गोली मारी गई।

​रविवार रात गंभीर हालत में उसे बोलपुर उप-मंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बोलपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

​चंदन भल्ला की पत्नी श्यामली भल्ला का कहना है कि राजनीतिक कारणों से ही उनके पति की हत्या की गई है और इस वारदात में तृणमूल कांग्रेस (TMC) का हाथ है। उन्होंने यह भी दावा किया कि विधानसभा चुनाव से पहले उनके पति को तरह-तरह से धमकियां दी जा रही थीं। श्यामली देवी ने दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग की है। वहीं, उनके बेटे शुभकांति भल्ला ने कहा, "मैंने पापा को गोली से लथपथ पड़े देखा। राजनीतिक रंजिश की वजह से ही यह हमला हुआ है। पापा की किसी से कोई निजी दुश्मनी नहीं थी, यह सब ईर्ष्या का नतीजा है। हालांकि, हमारी अपनी पार्टी के लोग भी इस काम में शामिल हो सकते हैं।"

​परिवार और पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, चंदन 2015 से बीजेपी से जुड़े हुए थे। 2021 से वह सक्रिय रूप से पार्टी का काम कर रहे थे। परिवार का दावा है कि 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें अपना घर छोड़कर भागना पड़ा था। उस समय टीएमसी पर उनके घर में तोड़फोड़ करने का आरोप भी लगा था। पिछले विधानसभा चुनाव और इस बार के चुनाव में भी उन्होंने चुनावी एजेंट की जिम्मेदारी निभाई थी। पेशे से चंदन बाबू एक मुहरी (कानूनी दस्तावेज लेखक) थे और इसके साथ ही जमीन की दलाली का काम भी करते थे।

​रविवार दोपहर वह किसी व्यक्ति को जमीन दिखाने के लिए घर से निकले थे। शाम को लौटते वक्त त्रिशूलापट्टी इलाके में उन्हें गोली मार दी गई।

​इस घटना को लेकर बीजेपी नेतृत्व आक्रामक हो गया है। बीजेपी के बोलपुर सांगठनिक जिला अध्यक्ष श्यामापद मंडल ने कहा, "यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। किसी बूथ अध्यक्ष की इस तरह हत्या हो जाएगी, ऐसी उम्मीद नहीं थी। हमने प्रशासन से सही जांच की मांग की है। 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार करना होगा, वरना पार्टी अपने स्तर पर कड़ा कदम उठाएगी।"

​दूसरी ओर, बीजेपी के इन आरोपों को खारिज करते हुए बोलपुर के टीएमसी विधायक चंद्रनाथ सिंह ने कहा, "इस घटना से तृणमूल का कोई लेना-देना नहीं है। यह उनकी आपसी गुटबाजी या अंदरूनी विवाद का नतीजा हो सकता है।"

​इस वारदात के बाद इलाके में राजनीतिक घमासान के साथ-साथ तनाव का माहौल है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि गोलीबारी में कौन लोग शामिल थे, हमले की असली वजह क्या थी और क्या इसके पीछे कोई राजनीतिक साजिश है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in