

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : बंगाल एसटीएफ को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। पश्चिम बर्दवान और बीरभूम जिले में लगातार अभियान चलाकर एसटीएफ ने भारी मात्रा में हथियार, कारतूस और विस्फोटक बरामद किए हैं। इस कार्रवाई ने एक बार फिर हथियारों के जखीरे की तस्करी करने वाली तस्वीर सामने ला दी है। एसटीएफ सूत्रों के अनुसार, करीब एक महीने पहले पांडवेश्वर इलाके से हथियारों के साथ शेख खैरुल और शेख शमशेर को गिरफ्तार किया गया था। उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर जांच में कई और नाम के साथ चौंकाने वाली जानकारियां सामने आईं। उसी सूत्र के आधार पर एसटीएफ ने जांच का दायरा और बढ़ाया है। इसके बाद बुधवार को पांडवेश्वर के दान्या इलाके में अभियान चलाकर शेख शाहजहां के घर से हथियारों के साथ उसे गिरफ्तार किया गया। शेख शाहजहां के पास से 21 हथियार और 65 कारतूस बरामद हुए है। बरामद हथियारों में 6 लॉग मास्केट, 7 एमएम पिस्टल, 11 पाइपगन बरामद हुआ है। वहीं कारतूसों में 47 कारतूस 8 एमएम एवं 18 कारतूस 7.65 एमएम के हैं।
बीरभूम जिले के मुरारई से भी बरामद हुए विस्फोटक
दूसरी ओर बीरभूम जिले के मुरारई इलाके में अभियान चलाकर जिलेटिन स्टिक और डेटोनेटर बरामद किए गए है। वहां से शेख मोहम्मद रेजा और मुकेश सिंह को गिरफ्तार किया गया। मुरारई थाना क्षेत्र से 1150 जिलेटिन स्टिक, 1064 डेटोनेटर सहित कई तरह की विस्फोटक सामग्री मिली है। वहां से भी दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी कोयला और पत्थर खदान से तस्करी के काम से जुड़े थे। उसी काम में इन हथियारों और विस्फोटकों का इस्तेमाल किया जाता था। वही गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर इस गिरोह से और कौन-कौन जुड़ा है, इसकी तलाश शुरू कर दी गई है। बीरभूम एवं पश्चिम बर्दवान से लगातार अभियान में भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। पूरे हथियार और विस्फोटक गिरोह के साथ और कौन जुड़ा है, कहां से इतनी बड़ी मात्रा में सामग्री लाई गई थी और कहां इसकी आपूर्ति की योजना थी, इसकी जांच जारी है। एसटीएफ के SP सिद्धार्थ ढपोला ने बताया कि कोयला तस्करी के काम में इन हथियारों का इस्तेमाल होता था। ये हथियार बिहार और झारखंड से लाए गए थे। खासकर बिहार के मुंगेर से लाया गया था। उन्होंने ने बताया कि अभियान चलाकर शेख शाहजहां को गिरफ्तार किया है। इससे पहले भी दो लोग गिरफ्तार हुए थे। एसटीएफ की ओर से लगातार छापामारी अभियान चलाया जा रहा है।