सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की मौत

पत्नी-बच्चों के सिर से उठा परिवार का सहारा, घर में पसरा मातम
सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की मौत
Published on: 

जितेंद्र, सन्मार्ग संवाददाता

सालानपुर : नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में रूपनारायणपुर निवासी उत्तम चौधरी की मौत हो गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार, उत्तम चौधरी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिर गए। उत्तम चौधरी अपने पीछे पत्नी, बच्चों, बड़े भाई और बड़ी बहन सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने के लिए वह लगातार मेहनत कर रहे थे। अपने नियमित पेशेवर काम के अलावा परिवार की आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने घर पर पेपर प्लेट, कटोरी और अन्य बर्तन बनाने की मशीन भी लगा रखी थी। उनका सपना था कि अतिरिक्त कमाई से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और बच्चों का भविष्य बेहतर बनेगा, लेकिन एक सड़क हादसे ने परिवार की सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। वहीं जिस व्यक्ति के कंधों पर परिवार की जिम्मेदारी थी, उसके अचानक चले जाने से पत्नी और बच्चों के सामने भविष्य को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News