

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : ड्रग्स के खिलाफ आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल ड्राइव में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 31 अक्टूबर से 7 नवंबर तक चल रही इस ड्राइव का नेतृत्व डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (DD) कर रहा है और कमिश्नरेट के सभी थाने इसमें शामिल हैं। वहीं प्रेस कॉन्फ्रेंस कर डीसीपी वेस्ट एवं डीडी मोहम्मद सना अख्तर ने बताया कि 5 नवंबर तक कुल 12 मामले दर्ज किए गए हैं और 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सबसे बड़ी कार्रवाई NTS थाना क्षेत्र में हुई, जहां एक अभियुक्त के पास से 285 बोतल कोडीन सिरप और 2 लाख 40 हजार नशीली टैबलेट जब्त की गईं।
ओडिशा से आ रहा 27.5 किलो गांजा पकड़ा गया : बुधवार रात (4 नवंबर) को एक स्पेशल ऑपरेशन में पुलिस ने ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे 2 लोगों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 27.5 किलो गांजा सीज किया गया है।
ब्राउन शुगर के बड़े सप्लायर अरशद हाशमी गिरफ्तार : 19 अक्टूबर को एक स्पेशल ऑपरेशन में पुलिस ने ब्राउन शुगर के एक बड़े सप्लायर अरशद हाशमी और उसके एक हेल्पर को गिरफ्तार किया था। उनके पास से 300 ग्राम ब्राउन शुगर, 3 फायर आर्म्स, 2 MT कारतूस, 46 राउंड जिंदा कारतूस, कुछ सोना और 5 लाख 35 हजार रुपये नकद बरामद हुए। कुल मिलाकर 31 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। इस मामले में फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन चल रहा है। ड्रग्स के पैसों से खरीदी गई संपत्ति की भी जांच की जा रही है। इस मौके पर एडीसी डीडी मीर शाहिदुल अली व विजन समादार मौजूद थे।