

रानीगंज : रानीगंज में सोमवार को भारत विकास परिषद की रानीगंज शाखा ने जरूरतमंद 50 लोगों के बीच तिरपाल वितरित किया। यह पहल बारिश के मौसम में उन लोगों के लिए एक बड़ी राहत बनकर आई, जिनके पास रहने की उचित व्यवस्था नहीं है। तिरपाल पाकर जरूरतमंदों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई और उन्होंने भारत विकास परिषद के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। इस मौके पर आसनसोल नगर निगम के बोरो चेयरमैन मोज्जमिल हुसैन शहजादा और भारत विकास परिषद के संजय बाजोरिया, पवन बाजोरिया व प्रदीप बाजोरिया उपस्थित रहे। बोरो चेयरमैन मोज्जमिल हुसैन शहजादा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भारत विकास परिषद की रानीगंज शाखा ने बहुत ही नेक काम किया है। बारिश के इस मौसम में, जिन लोगों के पास पक्की छत नहीं है, उनके लिए तिरपाल एक बड़ी मदद है। भारत विकास परिषद की ओर से संजय बाजोरिया व पवन बाजोरिया ने कहा कि उनकी संस्था का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद करना है। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद का मूल मंत्र "स्वस्थ, समर्थ, संस्कृत भारत" है। यह संस्था सेवा और संस्कार को अपना मुख्य उद्देश्य मानकर चलती है। इसके कार्यों में बच्चों, युवाओं और परिवारों के लिए विकास कार्यक्रम शामिल हैं, ताकि एक मजबूत और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध राष्ट्र का निर्माण हो सके।