

सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : आसनसोल जीटी रोड स्थित महावीर स्थान मंदिर में चल रहे सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ के अवसर पर भंडारा का आयोजन किया गया। गौरतलब है कि बुधवार को विधिवत तरीके से हवन - पूजन कर सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ का समापन किया गया और मंदिर प्रांगण में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। पिछले कई दिनों से मंदिर में भक्तों द्वारा लगातार हनुमान चालीसा का पाठ किया जा रहा था। बुधवार सुबह हवन-पूजन के साथ इस अनुष्ठान का समापन किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। महावीर स्थान सेवा समिति के सचिव अरुण शर्मा ने कहा कि 29 जुलाई से 25 अगस्त तक हनुमान चालीसा का पाठ का आयोजन किया गया एवं इस सवा लाख पाठ का संकल्प क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि के लिए लिया गया था। मंगलवार की शाम विशेष भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया और बुधवार सुबह भव्य हवन अनुष्ठान संपन्न हुआ। आगे कहा कि इस धार्मिक अनुष्ठान का मुख्य उद्देश्य समाज में सुख, शांति, समृद्धि और आपसी भाईचारे की कामना करना है। इस दौरान भारी संख्या में भक्त बजरंगबली का आशीर्वाद लेने और प्रसाद ग्रहण करने मंदिर पहुंचे। इस मौके पर बिनोद गुप्ता, शिव प्रसाद बर्मन, शिया राम अग्रवाल, मुकेश शर्मा, मनीष भगत, अभिषेक बर्मन, राजीव मिश्रा, प्रकाश बिजलीवाला, अनिल शर्मा, संजय शर्मा, अमित अग्रवाल, अभिषेक केडिया सहित अन्य लोग मौजूद थे।