

दुर्गापुर : दुर्गापुर में एक सार्वजनिक प्राचीन तालाब को भरने के खिलाफ भाजपा ने प्रशासन से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। भाजपा ने तृणमूल कार्यकर्ताओं पर तालाब को भरने का आरोप लगाया है। वहीं तालाब भरने के खिलाफ डीएम एवं एसडीएम से शिकायत की गई है। पश्चिम बर्दवान जिले के गोबरा मौजा स्थित भैरवतला डैम क्षेत्र में एक सार्वजनिक तालाब को अवैध रूप से भरने का मामला सामने आया है। इस संबंध में भाजपा के जिला नेता अभिजीत दत्ता ने जिला प्रशासन को लिखित शिकायत भेजी है। शिकायत में कहा गया कि यह तालाब वर्षों से स्थानीय लोगों के लिए एक अहम जल स्रोत रहा है। यह तालाब पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने के साथ गरीब तबकों की पानी की जरूरतें भी पूरी करता रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार कुछ लोग जो तृणमूल से जुड़े हैं, वे राजनीतिक प्रभाव और बल का प्रयोग करके इस तालाब में मिट्टी और निर्माण सामग्री डालकर उसे अवैध रूप से पाट रहे हैं। उनका उद्देश्य इस जमीन पर व्यक्तिगत या व्यावसायिक उपयोग के लिए कब्जा जमाना है। यह मामला प्रशासन के पास भेजा गया है। वहीं भीषण गर्मी में तालाब को भरने से स्थानीय लोगों को समस्या हो रही है। उस तालाब में स्थानीय लोग नहाने धोने के लिए निर्भर रहते थे।