

आसनसोल : बंगाल एसटीएफ और आसनसोल साउथ थाना की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर मंगलवार देर रात लोको मैदान के पास दो लोगों को गिरफ्तार किया। गौरतलब है कि संयुक्त अभियान चलाकर अंतर्राज्यीय आर्म्स डीलर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों का नाम फिरोज खान एवं मोहम्मद सोनू है, जो दुर्गापुर के नईम नगर निवासी एवं रेलपार बबुआ तालाब के रहने वाले हैं। पुलिस ने बुधवार को दोनों अभियुक्तों को आसनसोल सीजीएम अदालत में पेश किया, जहां घटना की जांच एवं उसकी जड़ तक जाने के लिए रिमांड की मांग की गई। अदालत ने दोनों अभियुक्तों को 7 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
क्या है मामला
बंगाल एसटीएफ व पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार देर रात छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति पाए गए। इसके बाद उन्हें पकड़ लिया गया। उनके पास से दो 9 एमएम पिस्तौल, दो पाइपगन, 30 राउंड गोली तथा 1570 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार अभियुक्त मुंगेर से हथियार लाकर आसनसोल के रेलपार इलाके में किसी गिरोह को सप्लाई करने वाले थे। इससे पहले ही एसटीएफ ने जाल बिछाकर दोनों को पकड़ लिया। पुलिस का अनुमान है कि यदि हथियार आसनसोल में सप्लाई हो जाता, तो इलाके का माहौल बिगड़ सकता था और इस मामले की गहराई से जांच जारी है।
एसटीएफ ने कई जिलों में की छापेमारी
पश्चिम बंगाल एसटीएफ द्वारा राज्य के विभिन्न जिलों में की गई छापेमारी के दौरान कई जगहों पर कई हथियार बरामदगी और गिरफ्तारियां की गई हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 10 हथियार जब्त किए गए हैं, जिनमें आठ 7 एमएम पिस्तौलें शामिल हैं। 150 राउंड गोली बरामद की गयी है, साथ कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्हें संबंधित अदालतों में पेश किया जाएगा। एसटीएफ का कहना है कि यह विशेष अभियान अभी भी जारी है, और अधिक हथियारों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।