बीबी कॉलेज के विद्यार्थियों ने बनाया 'वेदर स्टेशन'

बीबी कॉलेज के विद्यार्थियों ने बनाया 'वेदर स्टेशन'
Published on

आसनसोल : कहते हैं प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती। अगर उसे सही दिशा एवं सहयोग मिले तो वह कहीं भी निखर सकती है। कुछ ऐसा ही कमाल कर दिखाया है बीबी कॉलेज के फिजिक्स के चार विद्यार्थियों ने। उन्होंने आसनसोल में आधुनिक सुविधाओं से लैस एक 'वेदर स्टेशन' (मौसम कार्यालय) बना दिया है। इसका उद्घाटन बीबी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अमिताभ बसु एवं पुरुलिया जिला के डिस्ट्रिक्ट साइंस ऑफिसर ध्रुव ज्योति चट्टोपाध्याय ने संयुक्त रूप से किया। इस वेदर स्टेशन को बीबी कॉलेज में बनाया गया है। इसे संयुक्त रूप से आरएंडडी सेल (आईक्यूएसी) बीबी कॉलेज एवं डिस्ट्रिक्ट साइंस सेंटर पुरुलिया ने तैयार किया है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार बीबी कॉलेज के भौतिक विज्ञान (फिजिक्स) के 4 विद्यार्थियों अमित विश्वास, सुमंत घोष, संगीता पाल एवं अभिपाशा पाल ने बनाया है। उन्हें इसे कार्य में बीबी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अमिताभ बसु का पूरा सहयोग रहा। इसके अलावा तकनीकी जानकारी में पुरुलिया साइंस सेंटर के शुभ्रदीप कर्मकार ने भी उन्हें सुझाव दिया। शिल्पांचल में यह अपने आप में पहला मौका है जब किसी कॉलेज के विद्यार्थियों ने स्वयं इस प्रकार का 'वेदर स्टेशन' का निर्माण कर उसे चालू किया हो।

इससे क्या होगा लाभ

इस संबंध में ध्रुव ज्योति चट्टोपाध्याय ने बताया कि इससे मौसम के बारे में कई प्रकार की स्टीक जानकारी इकट्ठा की जा सकेगी। इसका लाभ रिसर्च वर्क के अलावा विभिन्न विशेष कार्यों में किया जा सकेगा। इसके अलावा हवा की गुणवत्ता पीएम 1, पीएम 2.5, पीएम 10, अल्ट्रावायलेट किरणों, कार्बन मोनोऑक्साइड, हवा की गति (विंड स्पीड), एसओ-2, बारिश की मात्रा (रेन फॉल) सहित कई अन्य जानकारी जुटाकर सेव किया जा सकेगा। यह बीबी कॉलेज के 4 किलोमीटर के क्षेत्रफल में होने वाली संबंधित गतिविधियों का डेटा रिकॉर्ड करने में सक्षम है।

विद्यार्थियों को दी बधाई

बीबी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अमिताभ बसु ने चारों विद्यार्थियों को इस बेहतरीन कार्य के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह अपने आप में एक मिसाल है, जो यहां के विद्यार्थियों ने कायम किया है। बता दें कि आसनसोल में इस प्रकार का यंत्र दो स्थानों पर लगा है। बीएनआर एवं केएनयू में एयर क्वालिटी मापने के लिए मशीन लगी हुई है तो वहीं एक छोटी-सी मशीन केएनयू में लगी हुई है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in