

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा :सेना के एक जवान के घर करीब 15 महीने पहले हुई सनसनीखेज चोरी की गुत्थी विष्णुपुर थाना पुलिस ने आखिरकार सुलझा ली है। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी हुआ लाइसेंसी हथियार और कारतूस बरामद कर लिए हैं। हालांकि, वारदात के दौरान ले जाए गए लाखों के जेवर और नकदी का सुराग अभी नहीं मिल सका है। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम रोहित हजारी है। वह विष्णुपुर के बेलियाड़ा गांव का रहनेवाला है। गुरुवार को उसे विष्णुपुर अदालत में पेश किया गया।
एस्बेस्टस की छत तोड़कर दिया था वारदात को अंजाम
विष्णुपुर थाना अंतर्गत गुमुट गांव के रहने वाले गंगाधर पाल भारतीय सेना में कार्यरत हैं। वर्ष 2025 में वह सिलीगुड़ी में तैनात थे। बच्चों की पढ़ाई के लिए उनकी पत्नी अंतरा पाल नंदी बांकुड़ा शहर में किराए के मकान में रहती थीं।
बीते साल 31 जुलाई की रात मकान बंद होने का पूरा फायदा उठाते हुए बदमाशों ने घर की एस्बेस्टस छत तोड़ी और अंदर दाखिल हुए। इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर एक लाइसेंसी पिस्तौल, 10 राउंड कारतूस, 1.10 लाख रुपये नकद और करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर चुराकर फरार हो गए थे। अगली सुबह सूचना मिलने पर अंतरा पाल ने विष्णुपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।
माटी के नीचे छिपाकर रखी थी पिस्तौल
लंबे समय तक मामले का सुराग न मिलने के बाद, मामले के पांचवें जांच अधिकारी सुरेश साव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बेलियाड़ा गांव में छापेमारी रोहित हाजारी को गिरफ्तार किया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर अभियुक्त ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि उसने पिस्तौल घर के पीछे जमीन के अंदर छिपा रखी है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर माटी खोदकर एक पिस्तौल और 8 राउंड कारतूस बरामद कर लिए। हालांकि, शिकायत में बताए गए 10 राउंड में से 2 कारतूस, नकदी और सोने के जेवर अभी भी गायब हैं।
आगे की छानबीन में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस बात की टटोल रही है कि इस चोरी में रोहित के अलावा और कौन-कौन शामिल था। पुलिस का मुख्य फोकस अब जेवर, नकदी और बाकी बचे दो कारतूसों को बरामद करना है।