

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: विष्णुपुर से भाजपा के सांसद सौमित्र खां ने तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी पर तीखा पलटवार किया है। हाल ही में चोरबागान की घटना को लेकर अभिषेक बनर्जी द्वारा मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पर साधे गए निशाने के बाद, सौमित्र खां ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) के जरिए उन्हें खुली चुनौती दी है।
सांसद सौमित्र खां ने अभिषेक बनर्जी को आड़े हाथों लेते हुए कहा,'पहले आप बड़े-बड़े चैलेंज देते थे, अब आपके साथ कोई नहीं है। बड़े-बड़े डायलॉग देने के बजाय 2029 में चुनाव जीतकर दिखाएं। इसके बाद ही पुलिस और हमारे दल के नेताओं को लेकर बात करें।
'25 वर्षों तक शुभेंदु अधिकारी रहेंगे मुख्यमंत्री'
सौमित्र खां ने दावा किया कि आगामी 25 वर्षों तक शुभेंदु अधिकारी ही राज्य के मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे और राज्य में भाजपा की ही सरकार रहेगी। उन्होंने TMC सांसद पर निशाना साधते हुए कहा, 'हम जनता के साथ जमीन पर रहते हैं, जबकि आप अपने कार्यकर्ताओं के फोन तक नहीं उठाते। अगर 25 साल बाद राज्य में कभी सत्ता परिवर्तन होता भी है, तब भी तृणमूल कांग्रेस सत्ता में वापस नहीं आएगी।'
कालीघाट के बनर्जी परिवार पर उठाए सवाल
बयानबाजी को और आगे बढ़ाते हुए सौमित्र खां ने सीधा और गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'मैंने मुख्यमंत्री से कहा है कि क्या चोरबागान की इस घटना के साथ कालीघाट का बनर्जी परिवार किसी भी तरह से जुड़ा हुआ नहीं है?'
खां के इस तीखे और आक्रामक बयान के बाद राज्य की राजनीतिक सरगर्मी एक बार फिर तेज हो गई है।