सोनामुखी पंचायत समिति पर भाजपा का कब्जा

कुंतल कोनार बने अध्यक्ष
मंत्री दिवाकर घरामी के साथ नव नियुक्त अध्यक्ष और उपाध्यक्ष
मंत्री दिवाकर घरामी के साथ नव नियुक्त अध्यक्ष और उपाध्यक्ष
Published on: 

बांकुड़ा: दुर्गा पूजा से ठीक पहले बांकुड़ा में तृणमूल कांग्रेस को तगड़ा राजनीतिक झटका लगा है। जिले में पहली बार किसी पंचायत समिति पर भाजपा ने अपना परचम लहराया है। तृणमूल द्वारा संचालित सोनामुखी पंचायत समिति की कमान अब पूरी तरह भाजपा के हाथों में आ गई है।

प्रशासनिक गतिरोध समाप्त होने के बाद आयोजित मतदान में भाजपा के कुंतल कोनार अध्यक्ष और ममता आंकुड़े उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित किए गए। परिणाम सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और अबीर-गुलाल के साथ जीत का जश्न मनाया। इस दौरान राज्य मंत्री व स्थानीय विधायक दिवाकर घरामी के बीच उपस्थित रहे। पदभार ग्रहण करने से पूर्व भाजपा कार्यकर्ताओं ने पंचायत समिति कार्यालय परिसर पर गंगाजल छिड़ककर प्रतीकात्मक 'शुद्धिकरण' किया और फिर भीतर प्रवेश किया।

गौरतलब है कि वर्ष 2023 के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सोनामुखी की 28 सीटों में भाजपा को केवल 8 सीटें मिली थीं और बहुमत के दम पर तृणमूल ने बोर्ड बनाया था। हालांकि, विधानसभा चुनाव के बाद उपजे राजनीतिक समीकरणों के चलते समिति के तत्कालीन अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने इस्तीफा दे दिया था। वहीं सोनामुखी ब्लॉक की कई पंचायतें लगातार भाजपा के खाते में जुड़ती गईं, लेकिन समिति के शीर्ष पद रिक्त रहने से महीनों तक प्रशासनिक कामकाज ठप पड़ा रहा।

विष्णुपुर महकमा प्रशासन द्वारा तय चुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज कर इस गतिरोध को खत्म किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुंतल कोनार ने कहा कि समिति अब पूरी तरह पारदर्शी और भ्रष्टाचार-मुक्त शासन देगी। जनहित की योजनाओं को सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना ही नए बोर्ड की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in