

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: जिले के ऐतिहासिक शहर सोनामुखी में काली पूजा के दौरान नियमों की अनदेखी के बाद अब जिला पुलिस कार्तिक पूजा को लेकर पूरी तरह सतर्क हो गई है। काली पूजा विसर्जन के समय प्रतिबंधित तेज आवाज वाले पटाखों और डीजे (DJ) के बेरोकटोक इस्तेमाल से आम नागरिकों को हुई भारी असुविधा और एक बच्चे के अस्वस्थ होने की घटना सामने आने के बाद पुलिस व प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस अधीक्षक पी वी जी सतीश ने पूजा समितियों के साथ एक विशेष समन्वय बैठक की है।
सालों पुरानी है परंपरा का इतिहास
बांकुड़ा जिले का प्राचीन नगरपालिका शहर सोनामुखी अपनी भव्य काली पूजा और कार्तिक पूजा के लिए विशेष रूप से प्रसिद्ध है। यहां दुर्गा पूजा की तुलना में इन दोनों त्योहारों को लेकर लोगों में कहीं अधिक उत्साह देखने को मिलता है।
खासकर विसर्जन के दौरान होने वाले आतिशबाजी के शानदार प्रदर्शन को देखने के लिए सोनामुखी के प्रमुख चौराहों पर दूर-दूर से भारी भीड़ जुटती है। हालांकि, इस बार काली पूजा के विसर्जन के दौरान कई जगहों पर प्रशासनिक प्रतिबंधों को दरकिनार करते हुए तेज आवाज वाले प्रतिबंधित पटाखे फोड़े गए और नियमों के विरुद्ध डीजे बजाए गए, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
इस स्थिति से सख्ती से निपटने के लिए जिला पुलिस ने सोमवार रात्रि कार्तिक पूजा समितियों के आयोजकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक पीवीजी सतीश ने कार्तिक पूजा की शुभकामनाएं देते हुए स्पष्ट किया कि इस बार शहर के चौराहे पर शोभायात्रा के लिए 19 कार्तिक पूजा कमेटियों ने अनुमति ली है।
उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, "इस साल काली प्रतिमा विसर्जन के दौरान पूजा कमेटियों ने नियमों की अनदेखी कर डीजे बजाया और जमकर आतिशबाजी की। कार्तिक पूजा में काफी चौकसी बरती जाएगी। यदि किसी ने भी नियमों का उल्लंघन कर तेज आवाज वाले पटाखे फोड़े या डीजे बजाया, तो संबंधित आयोजकों और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
आयोजकों की अपनी दलीलें, परंपरा बचाने की गुहार
दूसरी ओर, पुलिस के इस सख्त रुख से पूजा आयोजक खासे निराश हैं। उनका दावा है कि सोनामुखी में काली और कार्तिक पूजा के विसर्जन के दौरान आतिशबाजी की परंपरा बहुत पुरानी और ऐतिहासिक है। इस भव्य नजारे को देखने के लिए हर साल अनगिनत लोग बाहर से आते हैं।
आयोजकों ने पुलिस प्रशासन से अनुरोध किया है कि पटाखों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने के बजाय, कानून और पर्यावरण के तय नियमों का पालन करते हुए नियंत्रित तरीके से आतिशबाजी की अनुमति दी जानी चाहिए।
‘बड़ा कार्तिक पूजा समिति’ के सचिव तपन दत्ता और ‘शिमुलतला कार्तिक पूजा कमेटी’ के सदस्य सोमनाथ चक्रवर्ती का कहना है कि वे अवैध पटाखों और डीजे के समर्थन में बिल्कुल नहीं हैं, लेकिन यदि सीमित दायरे और नियमों के तहत भी आतिशबाजी के प्रदर्शन का मौका नहीं दिया गया, तो इससे सोनामुखी की प्राचीन परंपरा और संस्कृति को गहरी ठेस पहुंचेगी।
फिलहाल, कार्तिक पूजा को लेकर सोनामुखी में एक तरफ अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपरा को बचाने की पुरजोर मांग है, तो दूसरी तरफ ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस का कड़ा पहरा है। इन सबके बीच प्रशासन और जनता के बीच कैसा तालमेल बैठता है, यह आने वाला वक्त ही बताएगा।