

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की सतर्कता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि यात्रियों की सुरक्षा और उनके सामान की हिफाजत उनकी पहली प्राथमिकता है। रूपसी बांग्ला एक्सप्रेस (12883) में सफर कर रहे एक यात्री का छूटा हुआ बैग आरपीएफ ने बांकुड़ा स्टेशन पर बरामद कर उचित सत्यापन के बाद सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।
हावड़ा से विष्णुपुर की यात्रा कर रहे चंद्र शेखर अधिकारी जल्दबाजी में अपना काले रंग का बैकपैक जनरल कोच के रैक पर ही भूल गए थे। विष्णुपुर स्टेशन पर उतरने के बाद जब उन्हें बैग छूटने का अहसास हुआ, तो उन्होंने तुरंत आरपीएफ से संपर्क किया।
सूचना मिलते ही आरपीएफ बांकुड़ा पोस्ट के एसआई आर बी सिन्हा और एएसआई डी एन पाल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेन के बांकुड़ा प्लेटफॉर्म-1 पर पहुंचते ही कोच की तलाशी ली और बैग सुरक्षित बरामद कर लिया। 'ऑपरेशन अमानत' के तहत बैग को आरपीएफ पोस्ट लाया गया।
मंगलवार दोपहर यात्री ने आरपीएफ पोस्ट पहुंचकर अपने सभी दस्तावेज दिखाए। पहचान पुख्ता होने के बाद जब उन्हें उनका बैग मिला, तो उनके चेहरे पर खुशी लौट आई। यात्री ने आरपीएफ जवानों की ईमानदारी और त्वरित कार्रवाई की खुले दिल से सराहना की।