नहर में गिरा मोबाइल फोन, निकलने के फेर में डूबे 2 मौसेरे भाई

दुर्गापूजा देखने ननिहाल आये थे दोनों
नहर में स्पीड बोट से चल रहा सर्च ऑपरेशन
नहर में स्पीड बोट से चल रहा सर्च ऑपरेशन
Published on: 

संजय सन्मार्ग संवाददाता

बांकुड़ा : जिले के पात्रसायर थाना क्षेत्र अंतर्गत बोड़लबान्दी गांव में डीवीसी की सिंचाई नहर के किनारे बैठे दो मौसेरे भाई तेज बहाव में बह गए। दोनों की तलाश में आपदा प्रबंधन विभाग (विष्णुपुर) और पुलिस की टीमें सघन रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।

लापता बच्चों की पहचान दुर्गापुर निवासी पारिजात मंडल और सालबनी निवासी अनिंद्य पुरोकाइत के रूप में हुई है। दोनों दुर्गा पूजा की छुट्टियों में अपने ननिहाल बोड़लबान्दी घूमने आए थे। हादसे के बाद से ननिहाल और दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शी बोले- हाथ से छूटा फोन, एक को डूबता देख दूसरा बचाने कूदा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार शाम करीब 4 बजे दोनों भाई नहर की पुलिया/किनारे पर बैठकर मोबाइल चला रहे थे। इसी दौरान अचानक एक का फोन हाथ से फिसलकर नहर के गहरे पानी में गिर गया। मोबाइल निकालने के लिए एक भाई नहर में उतरा, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव का अंदाजा न होने से वह बहने लगा। भाई को डूबता देख दूसरा भी नहर में कूद गया। देखते ही देखते दोनों तेज धारा की चपेट में आ गए और आंखों के सामने ओझल हो गए। बच्चों की चीख सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण बचाने दौड़े, लेकिन बहाव इतना तेज था कि वे उन्हें पकड़ नहीं सके।

रातभर अंधेरे में तलाशी, सुबह स्पीडबोट लेकर उतरी आपदा प्रबंधन टीम

हादसे की सूचना मिलते ही पात्रसायर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय तैराकों और ग्रामीणों की मदद से सोमवार देर रात तक नहर में खोजबीन की गई । मंगलवार सुबह विष्णुपुर से आपदा प्रबंधन विभाग (DMG) की विशेष टीम बुलाई गई। टीम ने आधुनिक सर्च उपकरणों और स्पीडबोट की मदद से नहर के कई किलोमीटर के दायरे में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। समय बीतने के साथ ही दोनों बच्चों के बचने की उम्मीदें लगातार कम होती जा रही हैं।

किसने क्या कहा:

"पूजा की खुशियों पर वज्रपात हो गया"

लापता बच्चों के मामा सुब्रत अधिकारी ने कहा, "दोनों बच्चे छुट्टियों में बहुत खुशी-खुशी घर आए थे। हमें क्या मालूम था कि ऐसा हादसा हो जाएगा। मोबाइल के चक्कर में दोनों बह गए। हमारा पूरा परिवार सदमे में है। प्रशासन से हाथ जोड़कर विनती है कि बच्चों को जल्द खोज निकाले।"

"पलक झपकते ही दोनों आंखों से ओझल हो गए"

पड़ोसी झूलन बीट ने कहा,"बच्चे शाम को किनारे बैठे थे, तभी फोन गिरा। हमने आवाज सुनते ही उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव बेहद तेज था।"

"त्योहार के बीच बेहद दर्दनाक हादसा"

स्थानीय भाजपा नेता अनूप घोष ने कहा,"त्योहार के माहौल में यह अत्यंत दुखद घटना है। नहर में पानी का दबाव बहुत ज्यादा है। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें जुटी हैं, हम सब ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं।"

तलाश में जुटी पुलिस

बांकुड़ा एसपी पीवीजी सतीश ने कहा,"डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप (DMG) की टीम के साथ मिलकर नहर में युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बहाव वाले संभावित इलाकों में जाल और गोताखोरों की मदद ली जा रही है।"

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in