दामोदर नदी छठ घाट पर डूब रही 3 साल की मासूम को पुलिस कर्मी ने बचाया

प्रिंसिका के लिए देवदूत बने SI आकाश पात्रा
पुलिस का आभार जताते बच्ची के पिता
पुलिस का आभार जताते बच्ची के पिता
Published on: 

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: छठ महापर्व के पावन अवसर पर सोमवार सुबह बांकुड़ा के मेजिया इलाके में दामोदर नदी घाट पर एक बड़ा हादसा टल गया। स्नान करने के दौरान 3 साल की मासूम बच्ची प्रिंसिका कुमारी अचानक असंतुलित होकर गहरे पानी में जा गिरी और डूबने लगी। मौके पर मौजूद मेजिया थाना के सब-इस्पेक्टर (SI) आकाश पात्रा ने अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत नदी में छलांग लगा दी और सूझबूझ का परिचय देते हुए बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

बच्ची के पिता ने बताया कि वे लोग छठ पूजा के अर्घ्य देने में व्यस्त थे। तभी उनकी 3 साल की बेटी प्रिंसिका सहेली के साथ खेलते-खेलते नदी में उतर गई और गहरे पानी में जाकर डूबने लगी।

जैसे ही SI आकाश पात्रा की नजर डूबती हुई बच्ची पर पड़ी, उन्होंने एक पल की भी देरी नहीं की और उफनती नदी में छलांग लगा दी। अथक प्रयासों के बाद उन्होंने बच्ची को सकुशल बाहर निकाला।

'मुझे पुलिस अंकल ने बचाया है'

नदी से बाहर निकालने के बाद बच्ची को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया, जिससे उसकी हालत स्थिर हो गई। इसके बाद SI आकाश पात्रा ने रोती-बिलखती मां को उनकी जिगर का टुकड़ा सुरक्षित सौंप दिया।

मासूम प्रिंसिका ने अपनी मासूमियत भरे शब्दों में कहा, 'मुझे पुलिस अंकल ने बचाया है।'

वहीं, थाने पहुंचे बच्ची के पिता ने आभार जताते हुए कहा, 'अगर SI साहब अपनी तत्परता और बहादुरी न दिखाते, तो आज हमारी बच्ची हमारे साथ नहीं होती। उन्होंने हमारे घर का चिराग बुझने से बचा लिया।'

हर तरफ हो रही है तारीफ

इस मानवीय दृष्टिकोण, कर्तव्यनिष्ठा और बहादुरी की स्थानीय लोगों के साथ-साथ हर तरफ सराहना हो रही है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि खाकी वर्दी सिर्फ कानून की रक्षा ही नहीं करती, बल्कि जरूरत पड़ने पर देवदूत बनकर लोगों की जिंदगी भी बचाती है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News