

सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: बांकुड़ा सम्मिलनी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल (BSMCH) के चिकित्सकों ने एक बार फिर संवेदनशीलता और दक्षता की मिसाल पेश की है। यहां प्लास्टिक सर्जरी विभाग की टीम ने पुरुलिया के तीन महीने के मासूम अरमान का पैर बचाने के लिए जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक पूरा किया है।
BSMCH के प्राचार्य डॉ पंचानन कुंडू ने बताया कि शिशु के गर्भ में रहते हुए ही उसके पैर में 'एमनियोटिक बैंड' (Amniotic Band) लिपट गया था। रस्सी की तरह कसे इस बैंड के कारण पैर तक पोषण का प्रवाह बाधित हो रहा था। जन्म के बाद यह सामने आया कि पैर के पास नसें आपस में उलझ गई हैं और प्रभावित हिस्से का विकास रुकने से पैर पतला पड़ गया था।
पुरुलिया शहर निवासी इस तीन माह के बच्चे को 27 अक्टूबर को बांकुड़ा सम्मिलनी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्लास्टिक सर्जरी विभाग के चिकित्सक डॉ अर्णब मंडल के नेतृत्व में 5 नवंबर को ऑपरेशन किया गया। सर्जरी के बाद बच्चे की स्थिति में तेजी से सुधार हुआ और पूरी तरह स्वस्थ होने पर 7 नवंबर को उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
क्या कहा पिता ने - अरमान के पिता मोहम्मद नईम ने कहा,'जन्म से ही बच्चे को यह तकलीफ थी। आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि बाहर किसी महंगे अस्पताल में इलाज करा सकें। सरकारी अस्पताल BSMCH में मिली इस मदद से हम बेहद खुश हैं।"