मालियाड़ा राजबाड़ी में संकीर्तन, जात्रा और कठपुतली नाच की बहेगी बयार

प्रभातफेरी के साथ 9 दिवसीय रास उत्सव शुरू
राधा कृष्ण की झांकी
राधा कृष्ण की झांकी
Published on: 

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: उत्तर बांकुड़ा की ऐतिहासिक मालियाड़ा राजबाड़ी में लगभग 250 साल पुरानी रास उत्सव की परंपरा एक बार फिर भव्य स्वरूप में जीवित हो उठी है। मंगलवार को प्रभातफेरी के साथ इस पुनर्जीवित उत्सव के 11वें वर्ष का शुभारंभ हुआ।

शोभायात्रा का नेतृत्व राजबाड़ी के सदस्य हिमाद्री नारायण चंद्राधूर्य ने किया। नौ दिवसीय इस आयोजन के दौरान नाम संकीर्तन, होम-यज्ञ, पारंपरिक पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी।

50 साल बाद लौटी रौनक, युवाओं ने संभाली कमान

बदलती परिस्थितियों के चलते करीब आधी सदी पहले यह परंपरागत उत्सव थम गया था। समय के साथ रास मंदिर, रासमंच और अन्य धार्मिक स्थल जर्जर हो गए थे। पूरा परिसर झाड़ियों और जहरीले जीव-जंतुओं से घिर गया था, जिससे स्थानीय लोगों में मायूसी थी।

इस विरासत को बचाने के लिए इलाके के युवाओं ने पहल की और राजपरिवार से संवाद किया। रासमंच वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष श्यामापद दाशुंदी के अनुसार, राजपरिवार के सुझाव पर 2015 में सोसाइटी का गठन हुआ और परिसर के जीर्णोद्धार का काम शुरू किया गया। इसके बाद 2016 से उत्सव का विधिवत आयोजन फिर से शुरू हुआ।

400 साल का इतिहास, 9 दिन चलेंगे सांस्कृतिक आयोजन

सोसाइटी के वरिष्ठ पदाधिकारी दिव्येंदु मिश्र ने बताया कि मालियाड़ा राजबाड़ी का इतिहास करीब 400 साल पुराना है, जबकि रास उत्सव की परंपरा लगभग 250 वर्ष पुरानी रही है। राजपरिवार के सहयोग से जीर्ण-शीर्ण मंदिरों का कायाकल्प कर विग्रहों की पुनर्स्थापना की गई।

पिछले 11 वर्षों से यहां 9 दिवसीय मेले के साथ जात्रा, नाटक, कठपुतली नृत्य, संगीत और वस्त्र वितरण जैसे कार्यक्रम हो रहे हैं। इसके साथ ही सोसाइटी सालभर सामूहिक उपनयन संस्कार, रक्तदान शिविर और हर शनिवार को नि:शुल्क चिकित्सा शिविर जैसे सामाजिक कार्य भी करती है।

राजपरिवार ने सराहा युवाओं का प्रयास

राजबाड़ी के सदस्य हिमाद्री नारायण चंद्राधूर्य ने कहा कि पहले बिना बड़े मेले के भी यहां रास उत्सव बेहद धूमधाम से होता था। बीच के दौर में आयोजन बंद रहा, लेकिन घर के भीतर आवश्यक रस्में जारी रहीं। उन्होंने कहा कि युवाओं की मेहनत से राजबाड़ी का खोया गौरव लौटा है, जिससे परिवार को बेहद खुशी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News