

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: बांकुड़ा जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में जयपुर थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में गांजा के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से करीब ढाई किलो गांजा बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम देवाशीष दे है, जो जयपुर हाटतला इलाके का रहने वाला है।
जानकारी के अनुसार, जयपुर थाना पुलिस को इलाके में अवैध रूप से गांजा रखे जाने और उसकी खरीद-फरोख्त की पुख्ता सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए जयपुर हाटतला इलाके में छापेमारी की। इस दौरान देवाशीष दे के पास से लगभग ढाई किलो अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
सोमवार को अभियुक्त को बांकुड़ा अदालत में पेश किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुट गई है कि अभियुक्त को इतनी बड़ी मात्रा में गांजा कहां से सप्लाई होता था और इस अवैध कारोबार में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।
'जीरो टॉलरेंस' नीति का दिख रहा असर
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि बलात्कार और मादक पदार्थों से जुड़े अपराधों के मामले में पूरी तरह 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जाए। इस कड़े निर्देश के बाद से ही राज्यभर में पुलिस प्रशासन अवैध नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाए हुए है।
जयपुर थाने की इस पूरी कार्रवाई ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबारियों को एक स्पष्ट और कड़ा संदेश दे दिया है कि पुलिस प्रशासन नशे के नेटवर्क को नेस्तनाबूद करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद और समझौताहीन रुख के साथ आगे बढ़ रहा है। जिले में इस तरह के अभियानों से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।