इंदास में मवेशियों से लदा वाहन जब्त

3 गिरफ्तार
अभियुक्तों को अदालत ले जाती पुलिस
अभियुक्तों को अदालत ले जाती पुलिस
Published on: 

संजय सन्मार्ग संवाददाता बांकुड़ा: इंदास थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मवेशियों से भरे एक वाहन को जब्त करने के साथ-साथ तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। वाहन से कुल 19 गायें और एक भैंस बरामद की गई हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में रबीउल मोल्ला, बहारुल मोल्ला और अक्काट अली मोल्ला शामिल है।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इलाके से मवेशियों की अवैध तस्करी की जा रही है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए इंदास थाना पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम गठित की और इंदास स्टेशन रोड के पास नाकेबंदी कर दी।

कुछ ही देर बाद संदिग्ध वाहन वहां से गुजरता हुआ दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर रोक लिया। जब वाहन की तलाशी ली गई, तो उसमें ठूंस-ठूंसकर मवेशियों को भरा पाया गया। जांच में वाहन से 19 गायें और 1 भैंस बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से ही वाहन में सवार तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि मवेशियों से भरा यह वाहन बांकुड़ा से पूर्व बर्धमान की ओर ले जाया जा रहा था।

बरामद किए गए सभी मवेशियों को सुरक्षित इंदास थाने लाया गया है। वहीं, गिरफ्तार किए गए तीनों अभियुक्तों के खिलाफ पशु क्रूरता और तस्करी से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए तीनों को विष्णुपुर अदालत में पेश कर दिया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस अवैध तस्करी के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News