स्कूल में घुसा जंगली हाथी, मिड-डे-मील की रसोई तोड़ी

मशालें जलाकर ग्रामीणों ने खदेड़ा
स्कूल में घुसा जंगली हाथी, मिड-डे-मील की रसोई तोड़ी
Published on: 

संजय, सन्मार्ग संवाददाता

बांकुड़ा : बांकुड़ा उत्तर वन प्रभाग के बेलियातोड़ रेंज स्थित साउलिया प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार देर रात भोजन की तलाश में आए एक जंगली हाथी ने जमकर तांडव मचाया। हाथी ने मिड-डे-मील रसोई और भोजन कक्ष की एस्बेस्टस की छत तोड़ डाली। आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने टीन बजाकर और हुला (मशाल) जलाकर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा।

सूंड़ से चावल-दाल निकालने की कोशिश

सहायक शिक्षक अद्वैत आखुली ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से बारिश हो रही है। शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे हाथी स्कूल परिसर में दाखिल हुआ। उसने दरवाजे को छुए बिना सीधे छत तोड़ दी और सूंड़ अंदर डालकर राशन निकालने लगा। छत टूटने से बारिश का पानी रसोई में भर गया। शनिवार को किसी तरह खाना बना, लेकिन जलभराव के चलते बच्चे बैठकर भोजन नहीं कर सके।

सालभर दहशत में ग्रामीण, स्थायी समाधान की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से सटे होने के कारण यहां सालभर हाथियों का खौफ रहता है। झुंड अक्सर फसलें भी रौंद देते हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की गुहार लगाई है।

मुआवजा मिलेगा

बेलियातोड़ रेंज के वन अधिकारी के मुताबिक, स्कूल प्रबंधन के आवेदन पर क्षतिपूर्ति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि उत्तर बांकुड़ा वन प्रभाग के बड़जोड़ा में दो और सोनामुखी में एक हाथी मौजूद है। वनकर्मी इन पर नजर रख रहे हैं और सीमावर्ती गांवों के लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in