

बांकुड़ा: बड़जोड़ा थाना क्षेत्र में एक डेकोरेटर की दुकान से जनरेटर चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और अभियुक्तों के पास से चोरी गए तीनों जनरेटर भी बरामद कर लिए हैं।
जानकारी के अनुसार, गत 3 अक्टूबर की रात चोरों ने बड़जोड़ा इलाके में एक डेकोरेटर की दुकान को निशाना बनाया था। अज्ञात चोर वहां से तीन जनरेटर चुराकर फरार हो गए थे। घटना के तुरंत बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर बड़जोड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने मामले की गहन तफ्तीश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिरों की सूचना और तकनीकी निगरानी की मदद से छापेमारी कर 6 संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी किए गए तीनों जनरेटर सुरक्षित बरामद कर लिए। इसके साथ ही चोरी का माल ले जाने में इस्तेमाल की गई एक पिक-अप वैन को भी जब्त कर लिया गया है।